24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ओपी राजभर की राहुल गांधी को खुली चुनौती- ‘मुसलमानों का वोट चाहिए तो कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर दिखाओ’

OP Rajbhar on Rahul Gandhi : सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर का राहुल गांधी पर बड़ा हमला। राजभर ने कहा- 'अगर मुसलमानों का मसीहा बनना है, तो किसी मुसलमान को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाएं।' साथ ही मदरसों में 'वंदे मातरम' का भी किया पुरजोर समर्थन।

2 min read
Google source verification
OP rajbhar

राहुल गांधी पर ओपी राजभर का बड़ा बयान, PC- IANS

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी द्वारा अल्पसंख्यक वोटों पर फोकस करने और संबंधित बयानों पर राजभर ने जोरदार तंज कसा।

राजभर ने IANS से बातचीत में कहा, “राहुल गांधी अगर मुसलमानों के मसीहा बनना चाहते हैं तो पहले किसी मुसलमान को अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दें, तब मैं उन्हें मानूंगा।”

उन्होंने सवाल किया, “जब केरल में उनकी सरकार बनी तो क्या उन्होंने किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाया? अगर उत्तर प्रदेश में उनके गठबंधन की सरकार बनती है तो क्या वह किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री घोषित करेंगे? या सिर्फ बोल रहे हैं?”

राजभर ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय में सिख, ईसाई, पारसी और जैन भी शामिल हैं, फिर राहुल गांधी केवल मुसलमानों की बात क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर उन्हें मुसलमानों का वोट चाहिए तो पहले कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी मुसलमान को बना दें।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा राहुल गांधी पर देश में हिंसा फैलाने का आरोप लगाए जाने को ओमप्रकाश राजभर ने सही ठहराया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बयान क्या दिखाते हैं। बहराइच में उन्होंने दंगा कराने की कोशिश की, संभल में भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। वे हिंदू-मुसलमान को लड़ाने की राजनीति करते हैं।”

‘वंदे मातरम’ पर पूर्ण समर्थन

पश्चिम बंगाल में मदरसों में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य करने के फैसले का ओपी राजभर ने पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा, “भारत में रहना है तो ‘वंदे मातरम’ कहना ही होगा। यह व्यवस्था पूरे देश में लागू होनी चाहिए। सिर्फ बंगाल ही नहीं, उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू किया जाएगा।”

पार्टी में शामिल हो रहे लोग

ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि विभिन्न दलों से लोग उनकी पार्टी में लगातार शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी से 150, बहुजन समाज पार्टी से 98, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से भी लोग सुभासपा ज्वाइन कर चुके हैं। रविवार को 250 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। राजभर का कहना है कि समाज के हर तबके के लोग उनकी पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं।