
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दी जानकारी, PC- IANS
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान रविवार को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। यह अभियान पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची में दर्ज प्रविष्टियों को शुद्ध करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार कुल चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को अभियान पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं। 22 फरवरी को चौथा और अंतिम विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दिन प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाता अपने नाम की जांच कर सकेंगे। साथ ही फार्म-6 (नया नाम जोड़ने), 6ए (विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए), 7 (नाम विलोपन) और 8 (प्रविष्टि संशोधन) उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों से भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान की निगरानी के लिए भ्रमणशील रहेंगे।
Updated on:
21 Feb 2026 07:15 pm
Published on:
21 Feb 2026 07:15 pm
