
Arrest File Photo
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सीएम योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लखनऊ के बंथरा में शनिवार को स्कूल से घर लौट रही कक्षा दो की छात्रा का अपहरण गांव के ही एक किशोर ने किया था। 16 साल के किशोर की मां का इलाज चल रहा है। मां के इलाज के लिये ही उसने मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया था और फिरौती मांग ली। तो वहीं गोरखपुर में एक लड़की का आरोप है कि उसकी मां और भाई उसे हरियाणा ले जाकर 30 हजार रुपये में बेच देना चाहते थे।
मां के इलाज के लिए किया अपहरण
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में छात्रा के अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया था। सभी लोग हैरान परेशान थे। तभी अपहरणकर्ता ने फोन कर पांच लाख रुपए की फिरौती की मांग कर दी। घटना की जानकारी पुलिस की दी गई जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को सक्रिय देखकर अपहरणकर्ता डर गया और बच्ची को उसके घर के बाहर छोड़ कर भाग निकला था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
अपनी ही बेटी का 30 हजार में कर दिया सौदा
उधर, गोरखपुर के शाहपुर पुलिस ने पड़ोसी की सूचना पर सोमवार को एक 12 वर्षीय लड़की को बेचने की तैयारी कर रहे मां और भाई के कब्जे से छुड़ाया। जिसके बाद लड़की को पुलिस ने चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया। लड़की ने अपनी मां और भाई पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो लोग उसे हरियाणा ले जाकर 30 हजार रुपये में बेच देना चाहते थे। आरोपी महिला कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने दो बेटों और 12 साल की बेटी के साथ शाहपुर क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रहती है।
बहरहाल, दोनों ही घटनाओं में पुलिस की सक्रियता से मासूमों को बचा लिया गया और आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने न्यायसंगत कार्रवाई की गई।
Published on:
7 Sep 2021, 4:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.