
अतीक अहमद पर ‘धुरंधर-2’ से मचा बवाल
UP Politics: फिल्म ‘धुरंधर-2’ में अतीक अहमद जैसे किरदार को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में तूफान मच गया है। समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल ने अतीक अहमद को आतंकी बताया और कहा कि वह देश को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर रहा था। उन्होंने अतीक को समाजवादी पार्टी का सबसे बड़ा फाइनेंसर भी बताया। इस बयान के बाद सपा और एआईएमआईएम ने पूजा पाल पर हमला बोल दिया है। पूरा मामला काफी गरम हो गया है।
पूजा पाल ने कहा कि अतीक अहमद ने सिर्फ उनके पति राजू पाल की हत्या नहीं की, बल्कि हजारों युवाओं की जिंदगी बर्बाद की। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीक को समाजवादी पार्टी का पूरा संरक्षण मिला था। पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि अगर सपा की सरकार होती तो उनकी भी हत्या हो चुकी होती। उन्होंने रामगोपाल यादव के बदला लेने वाले बयान पर भी सवाल उठाया और कहा कि अखिलेश यादव इसलिए दुखी हैं क्योंकि अतीक जैसे बड़े फाइनेंसर का काम खत्म हो गया।
एआईएमआईएम नेता इसरार अहमद ने पूजा पाल को एहसान फरामोश बताया। उन्होंने कहा कि जिन मुसलमानों के वोट से पूजा पाल विधायक बनीं, आज उन्हीं के मसीहा को आतंकी बता रही हैं। इसरार अहमद ने कहा कि पूजा पाल खुद सपा से आई हैं और सत्ता के लिए मुसलमानों को बदनाम कर रही हैं। उन्होंने सलाह दी कि पूजा पाल को सबसे पहले सपा से इस्तीफा दे देना चाहिए।
सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मोहम्मद इरफान ने भी पूजा पाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूजा पाल को अपने पति की हत्या से फायदा मिला और वे विधायक बनीं। इरफान ने चेतावनी दी कि जब सपा की सरकार आएगी तो अतीक अहमद की हत्या समेत सभी फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
फिल्म ‘धुरंधर-2’ में अतीक अहमद को नकली नोट का सप्लायर और विदेशी कनेक्शन वाला किरदार दिखाया गया है। पूजा पाल ने इसी फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि अतीक सिर्फ उनका गुनहगार नहीं था, बल्कि पूरा समाज का दुश्मन था। इस बहस में योगी सरकार की तारीफ और सपा पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।
Published on:
24 Mar 2026 02:28 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
