
नोएडा के बाद राजधानी लखनऊ में एक महिला के उग्र होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहा यह वीडियो लखनऊ के पॉश एरिया गोमती नगर का बताया जा रहा है। जहां दिवाली के दिन सड़क किनारे दुकान लगाने वाले गरीब लोगों से महिला इतना नाराज हुई कि डंडा और बैट लेकर उनका सामान तोड़ डाला। महिला के तोड़फोड़ का वीडियो वायरल हाेते ही गोमती नगर पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दरअसल, लखनऊ के पॉश एरिया गोमती नगर के पत्रकारपुरम में सोमवार को सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोग दिवाली का सामान जैसे दीपक, बर्तन और मिट्टी के खिलौने आदि बेच रहे थे। इसी बीच एक महिला ने अचानक डंडा लेकर दिये और मिट्टी के खिलौने बेच रहे लोगों की दुकान पर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। महिला दबंगई दिखाते हुए कभी डंडे से तो क्रिकेट के बैट से तो कभी वाइपर से दुकानों पर रखे मिट्टी के दिये, खिलौने और बर्तनों को तोड़ने लगी।
वीडियो वायरल होते ही केस दर्ज
बताया जा रहा है कि किसी ने महिला की दबंगई का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पटरी दुकानों से नाराज महिला सामान को तोड़फोड़ रही है। तोड़फोड़ का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महिला के खिलाफ गोमती नगर पुलिस ने धारा 427 के तहत केस दर्ज किया है।
पटरी वालों ने नगर निगम की अनुमति से लगाई दुकानें
बता दें कि पटरी वालों ने दिवाली पर दीये, बर्तन और अन्य जरूरत का सामान बेचने के लिए लखनऊ नगर निगम से अनुमति ले रखी है। वीडियो में महिला विरोध करने पर एक व्यक्ति पर भी बैट से हमला करते नजर आ रही है। महिला की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है और लोग जमकर महिला की आलोचना कर रहे हैं।
Published on:
24 Oct 2022 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
