15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रात में आई एक कॉल, सुबह परिवार में मचा कोहराम… युवक के चेहरे से आंखे गायब, रेत डाले थे गर्दन

महाराजगंज जिले में एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई है। मृतक किसी के फोन पर घर से बाहर निकला, रात भर जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने इसे खोजना शुरू कर दिया।

2 min read
Google source verification

घुघली थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक निर्माणाधीन रेल लाइन पर एक युवक की गर्दन कटी लाश मिली है। युवक के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना पर घुघली पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। इस सनसनीखेज निर्मम हत्या से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इकलौते बेटे की हत्या के बाद परिजन बदहवास हालत में हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार को सुबह निर्माणाधीन रेल लाइन पर अर्धनग्न अवस्था में औंधे मुंह गिरी लाश देखी गई। मृतक की पहचान मनीष (26) पुत्र ओमप्रकाश निवासी सिंदुरिया थानाक्षेत्र के बसंतपुर खुर्द के रूप में हुई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। मृतक मनीष के शरीर पर सिर्फ हाफ पैंट और पैर में चप्पल था।

आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई होगी। आरोपियों ने बड़ी ही बेरहमी से युवक की गर्दन को रेतकर चेहरे को क्षतिग्रस्त कर दिया है। उसकी आंख भी नोच डाली है। पेट में चाकू घोंपकर निर्मम तरीके से उसकी हत्या की गई है। इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में सनसनी मची हुई है।

मृतक युवक के पिता ओमप्रकाश घुघली नगर में पिछले 15 सालों से रिक्शे पर सामान ढोकर रोजी रोटी कमाते थे। परिवार में तीन बेटी एक बेटा और पत्नी रहते थे। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। उसके बाद मृतक मनीष था, जो ट्रेन में पानी बेचकर पैसे कमाता था। मनीष से छोटी दो बहने हैं। मनीष की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंची। मृतक मनीष की लाश के नीचे एक मोबाइल मिला है। परिजनों के मुताबिक किसी ने फोन कर मनीष को शुक्रवार रात बाहर बुलाया और निर्मम तरीके से गर्दन रेतकर उसकी हत्या कर दी। परिजन रात भर मनीष को तलाशते रहे सुबह निर्माणाधीन रेल ट्रैक पर लाश मिली। इस मामले में घुघली थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक की लाश मिली है। घटना कैसे हुई इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।