7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ताबड़तोड़ मुठभेड़ की घटना से अपराधियों में भगदड़, अभी 14 पुलिस की पकड़ से हैं दूर, नौ राउंड तक जवाबी फायरिंग

जिले में अभी भी 14 शातिर अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर

2 min read
Google source verification

महराजगंज. ताबड़तोड़ मुठभेड़ की घटना से जिले के अपराधियों के हौसले पस्त हो रहे हैं। पुलिस के दावे पर यकीन करें तो हार्डकोर क्रिमिनल नेपाल की तलहटी में जा छिपे हैं। वहां भी नेपाल पुलिस से तालमेल बिठाकर उन्हें घेरने का क्रम जारी है। एक पखवारे भीतर मुठभेड़ की तीसरी घटना से नेपाल सीमा पर अड्डा जमाकर पुलिस के लिए चुनौती बने अपराधियों में भगदड़ मच गई है।

नेपाल बार्डर के समीप भगवानपुर-जमुई मार्ग पर गुरुवार की आधी रात बदमाशों व पुलिस के बीच हुए मुठभेड़ में पुलिस को दिनेश लोधी नाम के जिस अपराधी को दबोचने में कामयाबी मिली है, उसके अपराध का रुख दो तरफा था। भारत सीमा से सटे नेपाल के गांवों में भी उसका खौफ था। बताते हैं कि नेपाल में उसके तार माओवादी नेताओं से जुड़े हुए थे जो उसका इस्तेमाल अपने प्रतिद्वंदियों के खिलाफ करते थे। दिनेश को नेपाल के भैरहवा में लोकल राजनीतिज्ञों का भी संरक्षण प्राप्त था। महराजगंज में उसके ऊपर 25 हजार रुपए का ईनामी था। उसको पकड़ने के लिए पुलिस को नौ राउंड जवाबी फायरिंग करनी पड़ी थी। वह भी दो थानों की पुलिस को मिलकर। एसपी आरपी सिंह के मुताबिक जिले में करीब 14 की संख्या में शातिर अपराधी हैं जो नेपाल में ठिकाना बनाकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहाकि हो सकता है पुलिस की सख्ती के बाद वे इधर का रुख अब न करें।

पुलिस मुठभेड़ में जो ईनामी बदमाश दिनेश लोधी घायल हुआ है वह सोनौली कोतवाली क्षेत्र के फरेंदी तिवारी गांव का रहने वाला है तथा सोनौली कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके उपर गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर, एनएसए, विस्फोटक अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट के अलावा दर्जनों आपराधिक मुकदमा दर्ज है। ठूठीबारी कोतवाली का वांछित अपराधी है तथा नेपाल सीमा पर बाकायदे उसका गैंग है जो तस्करी से लेकर लूट और सुपारी पर हत्या तक की घटनाओं को अंजाम देता है।

यह थी मुठभेड़ की तीसरी घटना
जिले में मुठभेड़ की पहली घटना 4/5 अप्रैल की रात पनियरा क्षेत्र के नटवा जंगल में हुई थी। पुलिस की संयुक्त टीम की जवाबी फायरिंग में धनेवा-धनेई का पशु तस्कर मुर्तजा बंजारा घायल हुआ था। मुठभेड़ की दूसरी घटना दस अप्रैल को घुघली थानाक्षेत्र में हुई थी। जिसमें वकील नाम का एक बदमाश 60 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन, बिना नम्बर की बाइक तथा तमंचा के साथ पकड़ा गया था। वह कोठीभार क्षेत्र का रहने वाला था और यह मुठभेड़ की तीसरी घटना ठूठीबारी क्षेत्र में 19/20 अप्रैल की रात हुई। जिसमें मादक पदार्थ की तस्करी, वाहन चोरी व पुरस्कार घोषित अपराधी दिनेश लोध के दाएं पैर में गोली लगी। वह पकड़ा गया। माना जा रहा है कि मुठभेड़ की ताबड़ घटनाओं से जिले के अपराधी दहशत में आ गए हैं और वे जिला छोड़कर अपना कार्यक्षेत्र बदलने के फिराक में।

by यशोदा श्रीवास्तव