
Firing in Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कुछ दिन पहले हुए बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में पहले जमकर ईंट पत्थर चले। बाद में दोनों ओर से अंधाधुंध गोलियां चलने लगीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों के अंदर कैद हो गए। बताया जा रहा है कि इस बीच करीब 100 राउंड से ज्यादा बार फायरिंग की गई। इसमें एक लड़की की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी।
मामला मैनपुरी जिले के औंछा थानाक्षेत्र के गांव अनंतपुर का है। यहां के निवासी रविंद्र सिंह यादव पुत्र रामचंद्र यादव बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गांव के ही हरिश्चंद्र पुत्र एवरन सिंह से रंजीत चली आ रही थी। थाने में समझौता हुआ मगर रंजिश शांत नहीं हुई। शुक्रवार की देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। और कहा सुनी ही के बाद तकरार बढ़ गई देखते ही देखते दोनों तरफ से ईट पत्थर फेंके जाने लगे इसी बीच लाठी डंडे चलने लगे। जब तक गांव के लोग समझ पाए तो गोलियां चलना शुरू हो गई। दोनों तरफ से एक सैकड़ा से अधिक गोलियां दागी गई।
मामूली विवाद के बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। वहीं गोली लगने से रविंद्र सिंह यादव की 22 साल की पुत्री जूली गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि उनका लड़का संदीप भी जख्मी हो गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे लोग अपनी-अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस बीच गंभीर रूप से घायल लड़की और लड़के को लेकर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही जूली ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही औंछा पुलिस मौके पर पहुंच गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार देर शाम चली गोलियों से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जूली ने अपने भाई की जान बचाने के लिए अपनी जान गंवा दी। शाम के समय जूली का भाई संदीप दूध लेकर घर लौट रहा था। तभी घर के पास विपक्षी हमलावर हो गए। संदीप को निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन जूली बीच में आ गई। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। एसपी ने विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि संदीप गोली लगने से नहीं, बल्कि झगड़े में चोटिल हुआ है। उसका मेडिकल कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यहां पहले भी बच्चों में कहासुनी के बाद बड़ों के बीच झगड़ा हुआ था। यह मामला थाने तक भी पहुंचा था। इसमें कार्रवाई के बजाए पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया था। साथ ही पुलिस ने दोनों पक्ष के साथ बैठक कर झगड़ा नहीं करने की हिदायत दी थी। गांव में फायरिंग के बाद लोगों का कहना था कि अगर पुलिस इस मामले को पहले ही गंभीरता से लेती तो शायद आज यह नौबत नहीं आती। घटना में 22 साल की निर्दोष लड़की जूली की जान बच सकती थी।
अनंतपुर गांव में अंधाधुंध हुई फायरिंग के बाद कुरावली CO सहित कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात की गई है। इसके साथ ही पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसपी मैनपुरी विनोद कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले बच्चों के विवाद की बात सामने आई है। गोली लगने से महिला की मौत हुई है। आरोपियों की गिफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रहीं है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा
Published on:
03 Dec 2023 08:09 am
