
भाजपा नेत्री सीमा गुप्ता के बेटे शुभम गुप्ता से जुड़ा मामला सामने आया है। युवक के कई आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। यह विवाद तब और गहरा गया जब शुभम की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए।
शुभम गुप्ता की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसे ससुराल वालों की ओर से अतिरिक्त दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध और अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि शादी के बाद से ही पति उसका मानसिक शोषण करता रहा और वीडियो दिखाकर उसे डराता था। पीड़िता का यह भी कहना है कि उसका पति अक्सर कहता था कि "तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, मेरी मां भाजपा की बड़ी नेता हैं।"
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2021 को मैनपुरी स्थित बीएम गार्डन में हुई थी। उसने आरोप लगाया कि ससुराल में उसकी सास और ननद ने मिलकर उसे छत पर ले जाकर मारा-पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान आज भी मौजूद हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने मैनपुरी की एक दूसरी महिला के साथ होटल व रेस्टोरेंट में जाकर कई आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उन्हें वायरल किया।
इसी विवाद के चलते एक अन्य युवती भी सामने आई है जिसने कोतवाली में तहरीर दी है। युवती का आरोप है कि उसका निजी वीडियो भाजपा नेत्री की बहू ने चोरी छिपे मोबाइल से हासिल कर लिया और अपनी बहन को भेजा। इसके बाद बहन और बहनोई ने उससे पैसों की मांग की और जब वह नहीं मानी, तो वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। इस घटना को लेकर युवती ने भाजपा नेत्री की बहू, उसकी बहन और बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
इस पूरे मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा नेताओं और उनके परिवारों की असलियत अब जनता के सामने आ रही है। विपक्षी दलों का आरोप है कि प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में निष्क्रिय बना हुआ है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा नेताओं और उनके परिजनों के कारनामे अब एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। मैनपुरी से सामने आया यह '130 वीडियो कांड' भाजपा के कुख्यात कर्नाटक कांड को टक्कर दे रहा है। भाजपा अब 'पार्टी विद ए डिफरेंस' नहीं, बल्कि घोटालों की पार्टी बन गई है।”
Updated on:
31 May 2025 05:03 pm
Published on:
31 May 2025 02:10 pm
बड़ी खबरें
View Allमैनपुरी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
