
टमाटर के बाद थाली से जीरा गायब...900 रुपए प्रति किलो तक पहुंचे दाम
महंगाई ने किचन से खाने-पीने की चीजें गायब कर दी है। टमाटर हो या फिर मसाले सबके के दाम जेब को खाली करने का काम कर रहे हैं। महंगाई की हालत ऐसी हो गई है कि पहले सब्जियों से टमाटर गायब हो गया, तो अब मसालों का राजा कहलाने वाले जीरे का दाम सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। 250 रुपए किलो मिलने वाला जीरा अब 900 रुपए में भी ढूंढना पड़ रहा है।
टमाटर के बाद जीरे से बिगाड़ा स्वाद
मसाला कारोबारी रामअवतार अग्रवाल का कहना है कि जीरे की कीमतें आए दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। जीरा थोक में लगभग 75,000 रुपए क्विंटल के पार पहुंच गए है। खुदरा बाजार में जीरे की कीमत 700 से 900 रुपए प्रति किलो तक बोली जा रही है। जीरे की कीमत की तुलना अगर ड्राईफ्रूट से करें, तो ये काजू, बादाम से महंगा बिक रहा है। बादाम के खुदरा कीमत जहां बाजार में 650 से 700 रुपए किलो है, वहीं जीरा पिछले एक पन्द्रह दिनों में चढ़कर 700 से 900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
आयात घटने से उच्चतम स्तर पर पहुंचा जीरा
अग्रवाल ने बताया कि गुजरात में बिपरजॉय तूफान के बाद जीरे के आयात पर असर पड़ा है। आयात कम होने से कीमत में उछाल देखने को मिला है। जीरे की कीमत पर मांग का असर पड़ता दिख रहा है। टर्की और सीरिया का जीरा जुलाई अंत तक बाजार में आ सकता है। जीरे के साथ-साथ हल्दी की कीमत में भी भारी देखने को मिल रहा है। दोनों की वायदा भाव में बेतहाशा बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं एक साल अब तक जीरे की कीमत में 80 फीसदी की तेजी आ गई है।
Updated on:
2 Jul 2023, 11:31 AM IST
Published on:
2 Jul 2023, 11:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.