
पैसे देने पर रैन बसेरा में रुकने की होती है व्यवस्था, सड़कों पर ठंड से ठिठुर रहे गरीब
मंडला. नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड में गरीब, बेसहारों के लिए रेन बसेरा तो बनाया गया है लेकिन इसका उपयोग किसी लॉज या धर्मशाला के रूप में किया जा रहा है। जो लोग यहां रूक रहे हैं उनसे रूकने के बदले पैसों की मांग की जाती है, जिससे इस रेन बसेरा के बनने का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। शहर के चौक चौराहों पर लोग ठंड से सिकुड़ते देखे जा रहे है। गौरतलब है कि एक बार फिर ठंड ने करवट ली है, रविवार को न्यूनतम तापमान 8.3 डिसे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तेज ठंड बढ़ेगी। बढ़ती ठंड के साथ उन लोगों की भी चिंता बढ़ गई है, जिन गरीबों, असहायों के पास रहने के लिए सिर में छत तक नहीं है। ऐसे लोगों के लिए ठंड में विशेष रूप से रात काटना मुश्किल हो जाता है। इसी तरह अलाव के लिए पर्याप्त लकड़ियां भी नहीं दी जा रही हैं जिससे कुछ देर बाद अलाव ठंडे नजर आ रहे हैं। जानकारी अनुसार रेन बसेरा में ज्यादातर बाहर से आने वाले फेरी वाले या फिर कुछ साधन संपन्न लोग शामिल होते है।ं क्योंकि किसी लॉज में रूकने पर जितना किराया देना पड़ता है उससे नाममात्र की राशि के बदले यहां रूकने की सुविधा दी जाती है। रेन बसेरा में महिला एवं पुरूषों के लिए कुल मिलाकर 25 पलंग है, जिनसे साफ-सफाई के नाम पर 20 रुपए शुल्क लेने की बात कर्मचारी द्वारा बताई गई। वहीं कर्मचारी का कहना था कि बेसहारा, गरीबों के लिए भी नि:शुल्क रूकने की सुविधा है लेकिन ऐसे लोग कम ही आते हैं, इस तरह रेन बसेरा का उपयोग अपने उद्देश्यों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। यहां वही लोग रूक पाते हैं जिनके पास यहां रूकने का किराया राशि और अपनी पहचान दिखाने के लिए कोई पहचान पत्र होता है।
रेन बसेरा की जानकारी ही नहीं
मुख्यालय में बस स्टैंड में नवीन भवन का निर्माण किया गया था जिसमें यात्रियों के बैठने की सुविधा, टिकट काउंटर के साथ ही यात्रियों के नाश्ता, भोजन के लिए होटलों का भी संचालन किया जा रहा है। इसी के साथ शहर में बेसहारा, गरीब लोगों को रूकने के लिए रेन बसेरा भी बनवाया गया है लेकिन इसकी जानकारी ही जरूरतमंदों को नहीं है। इसके अलावा जिन्हें जानकारी है उनके पास अपनी पहचान दिखाने के लिए किसी तरह का पहचान पत्र तक नहीं है। ऐसे में वे रेन बसेरा का लाभ नहीं ले पा रहे है।
Published on:
19 Dec 2022 04:22 pm
बड़ी खबरें
View Allमंडला
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
