
गंगा दशहरा पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना घाट पर हुआ सामूहिक श्रमदान
मंदसौर. गंगा दशहरा के अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना नदी के घाट पर सोमवार को सामूहिक श्रमदान का आयोजन हुआ। जल गंगा संवर्धन अभियान में शिवना नदी पर पूजन के बाद श्रमदान किया गया। सांसद सुधीर गुप्ता के आतिथ्य में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों से लेकर पर्यावरण प्रेमियों व प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर शिवना नदी की सफाई की। इस दौरान नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर अदिती गर्ग, एडीएम एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अभियान हुआ घोषित
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है और जल प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नदी का स्वभाव ही ऐसा होता है जिसमें परम आनंद की अनुभूति होती है तथा सभ्यताओं का विकास भी नदियों के किनारे ही हुआ है। गंगा दशहरा का यह दिन समाज को जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देने वाला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है इसलिए वर्तमान समय में जल संरक्षण के लिए प्रयास आवश्यक हैं। शिवना नदी में सामूहिक श्रमदान के माध्यम से प्रारंभ हुआ सफाई अभियान प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अभियान घोषित हुआ था तथा देशभर में जल संवर्धन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर मिला।
परमाणु ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर सर्वे
सांसद ने कहा कि आज चंबल का पानी खेतों तक पहुंच रहा है तथा माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ मिल रहा है। किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाना चाहिए ताकि जल की बचत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज लगभग 97 प्रतिशत इलेक्ट्रिक ऊर्जा पर आधारित हो चुका है तथा पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता लगभग समाप्त हो रही है। साथ ही परमाणु ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार द्वारा सर्वे कार्य भी कराया जा रहा है। सांसद ने सभी को शपथ भी दिलाई।
Published on:
26 May 2026 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allमंदसौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
