
MP Assembly Election 2023: भाजपा ने मंदसौर संसदीय क्षेत्र की चार विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, इनमें तीन कैबिनेट मंत्री हैं। हालांकि अटकलें थी कि कुछ जगह नए चेहरे हो सकते हैं, लेकिन तमाम अटकलों को विराम देकर पुराने चेहरों पर ही पार्टी ने मोहर लगाई है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही जावद में बगावत के सुर उठने लगे हैं। वहां से दावेदार पूरन अहीर ने निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतरने फैसला कर लिया है।
मंदसौर विधानसभा सीट से चौथी बार विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया को मैदान में उतारा है तो नीमच जिले की जावद विधानसभा सीट से पांचवी बार कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा को टिकट दिया है। मल्हारगढ़ सीट से चौथी बार वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा को तो सुवासरा सीट से दूसरी बार पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग को चुनावी मैदान में उतारा है।
खूब किया स्वागत
उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उम्मीदवारों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया तो कई जगह खूब आतिशबाजी की गई। जावद में बिखराव जावद में टिकट वितरण के बाद बगावत के सुर तेज हो गए हैं। जनपद पंचायत सदस्य पूरन अहीर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला कर लिया है। बकौल जनपद सदस्य पूरन अहीर चुनाव लडऩा एक साल से तय था। सर्वे के मान से टिकट नहीं दिया गया है। एक ही परिवार को यहां से टिकट दिया जा रहा है।
चर्चा का बाजार गर्म
संसदीय क्षेत्र की चार विधानसभा सीट गरोठ, नीमच, मनासा और जावरा में उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है। मौजूदा विधायकों को टिकट मिलेंगे या कटेंगे, इसे लेकर चर्चा का बाजार काफी गर्म है। मंदसौर विधानसभा सीट पर विगत चार विधानसभा चुनाव से भाजपा जीतती आ रही है। वही मल्हारगढ़ विधानसभा सीट 2008 से बनी तब से भाजपा ही इस सीट पर काबिज है। गरोठ में 2003 से लेकर अब तक तीन बार भाजपा और एक बार कांग्रेस जीती है। वही सुवासरा में दो बार भाजपा और दो बार कांग्रेस जीती है। विधायक हरदीप सिंह डंग के भाजपा में शामिल होने के बाद से 2020 के उपचुनाव में फिर से भाजपा यहां पर चुनाव जीती।
सबसे ज्यादा संवेदनशील बूथ
जिले में चारों विधानसभा में कुल 1933 मतदान केंद्र है। इनमें सबसे अधिक मतदान केंद्र सुवासरा में 305 है। इसी विधानसभा सीट पर सबसे अधिक क्रिटिकल मतदान केंद्र 94 है। वहीं इसके बाद मंदसौर में 276 मतदान केंद्र है, जिसमें 77 क्रिटिकल है। तो मल्हारगढ़ में 281 मतदान केंद्रों में 76 मतदान केंद्र क्रिटिकल है। सबसे कम क्रिटिकल मतदान केंद्र गरोठ विधानसभा सीट पर है, यहां 271 मतदान केंद्रों में से 58 केंद्र क्रिटिकल है। सभी क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा बल भी तैनात होगा। जिले में चारों विधानसभा सीटों पर कुल 10 लाख 34 हजार 700 मतदाता है। इसमें 5 लाख 22 हजार 984 पुरुष, 5 लाख 11 हजार 704 महिला और थर्ड जेंडर 12 मतदाता है। वही जिले में 40 हजार 214 मतदाता पहली बार मतदान करेगें। वही पीडब्लयूडी मतदाता कुल 13445 है। इनमें 40 प्रतिशत से अधिक शारीरिक समस्या वाले मतदाताओं को घर से मतदान करने का अधिकार भी है।
Updated on:
10 Oct 2023 02:26 pm
Published on:
10 Oct 2023 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allमंदसौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
