
तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर सोना, चांदी 42 हजार के पार
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु के दाम एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और डॉलर की तुलना में रुपए में आई गिरावट से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 330 रुपए चमककर करीब तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 32,190 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चाँदी भी लगातार दूसरे दिन मजबूत होती हुई 450 रुपए की छलांग लगाकर 14 महीने के उच्चतम स्तर पर 42,400 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। डॉलर की तुलना में रुपए में आज आधा फीसदी से ज्यादा गिरावट रही और एक समय यह 68 रुपए प्रति डॉलर से भी कमजोर हो गया था। इससे रुपए में सोने के भाव बढ़ गए। इसकी तेजी में विदेशी बाजारों का भी योगदान रहा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही मामूली गिरावट
गुरुवार को कारोबार के दौरान 1,309.30 डॉलर प्रति औंस के एक माह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद आज सोने में मामूली गिरावट जरूर रही, लेकिन यह अब भी 1,300 डॉलर के आसपास बना हुआ है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि निवेशकों की मुनाफावसूली तथा दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत रहने से पीली धातु आज दबाव में आई है। डॉलर के मजबूत होने से दुनिया की अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए इसका आयात महंगा हो जाता है। इससे मांग घटती है और कीमतों में गिरावट आती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोना हाजिर तीन डॉलर फिसलकर 1,299.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमरीरकी सोना वायदा भी 4.3 डॉलर लुढ़ककर 1,304 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की तेजी के साथ 17.17 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।
स्थानीय बाजार में सोने में 330 रुपए की उछाल
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 330 रुपए की छलांग लगाकर 32,190 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 26 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतना ही चमककर 32,040 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। सोने की तर्ज पर चांदी हाजिर भी 450 रुपए की छलांग लगाकर 42,400 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। यह 20 अप्रैल 2017 के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,190
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,040
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 42,400
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 41,495
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 77,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800
Published on:
15 Jun 2018 04:05 pm
