
कई दिनों बाद सस्ती हुई चांदी, सोना पर पड़ा ये असर
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु की फीकी पड़ी चमक के बीच ऊंचे भाव के कारण जेवराती मांग सामान्य रहने से सोमवार 29 अक्टूबर को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 32,550 रुपए प्रति दस ग्राम पर टिका रहा। इस दौरान औद्योगिक ग्राहकी कम होने से चांदी 100 रुपए फिसलकर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर 0.11 फीसदी की गिरावट में 1233.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 5.80 डॉलर की गिरावट में 1,230.00 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। हालांकि, इस दौरान वैश्विक बाजार में चांदी में तेजी रही और यह 0.4 फीसदी उछलकर 14.67 डॉलर प्रति औंस बोली गई। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, बीते सप्ताह शुक्रवार को लंदन का सोना हाजिर तीन माह से अधिक के उच्चतम स्तर 1243.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। लेकिन, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से बढ़े दबाव से इसके भाव लुढ़क गए।
वैवाहिक सीजन के बाद भी सोना में बदलाव नहीं
त्योहारी और वैवाहिक सीजन होने के बावजूद ऊंचे भाव पर खुदरा जेवराती मांग की नरमी से सोना स्टैंडर्ड 32,550 रुपए प्रति दस ग्राम पर टिका रहा। सोना बिटुर भी 32,400 रुपए प्रति दस ग्राम और आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक मांग में आई कमी से चांदी हाजिर 100 रुपए की गिरावट में 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा भी 25 रुपए की गिरावट में 38,735 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। इस दौरान सिक्का लिवाली तथा बिकवाली क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,550
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,400
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,500
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,735
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 75,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800
Updated on:
29 Oct 2018 04:52 pm
Published on:
29 Oct 2018 04:52 pm
