2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चांदी ने तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, एक ही दिन में बढ़ गए हजारों रुपए

शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में रही तेजी का असर शनिवार को भारतीय बाजार में दिखा।

2 min read
Google source verification
Gold and Silver

चांदी ने तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, एक ही दिन में बढ़ गए हजारों रुपए

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर दोनों कीमती धातुओं में सप्ताहांत पर रही बड़ी तेजी के कारण शनिवार 29 सितंबर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपए चढ़कर 31,550 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 1,100 रुपए की छलांग लगाती हुई करीब आठ सप्ताह के उच्चतम स्तर 39,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद सोने-चांदी में बड़ी तेजी रही। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताहांत पर सोना 8.85 डॉलर यानी 0.75 फीसदी चमककर 1,192.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 8.80 डॉलर चढ़कर 1,196.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर 0.40 डॉलर यानी 2.81 फीसदी की बड़ी बढ़त के साथ 14.62 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

स्थानीय बाजार में दिखा अंतरराष्ट्रीय तेजी का असर

अंतरराष्ट्रीय तेजी का असर स्थानीय स्तर पर शनिवार को बाजार खुलते ही दिखा। स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 250 रुपए चढ़कर 31,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 25 अगस्त के बाद की सबसे बड़ी तेजी है। सोना बिटुर भी इतनी ही बढ़त में 31,400 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर स्थिर रही। वैश्विक स्तर पर सफेद धातु में बड़ी तेजी के अनुरूप स्थानीय बाजार में भी चांदी हाजिर 1,100 रुपए की छलांग लगाकर 39,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो 06 अगस्त के बाद का उच्चतम स्तर है। चांदी में इस साल 25 जनवरी के बाद यह सबसे बड़ी तेजी है। चांदी वायदा भी 715 रुपए चमककर 38,575 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए की बढ़त में क्रमश: 73 हजार और 74 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रही। सर्राफा बाजार में आई इस तेजी से कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,550

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,400

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,100

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,570

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 74,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500