
शेयर बाजार में आज भारी बढ़त दर्ज हुई है। (PC: AI)
Share Market Live Updates: मंगलवार की छुट्टी के बाद बुधवार का दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए खुशियों भरा रहा। पिछले ट्रेंडिग सेशन में गिरावट के साथ बंद होने के बाद बाजार में आज तेजी देखने को मिल रही है। इसके साथ ही वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। वैश्विक बाजारों में आई तेजी के कारण घरेलू शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की है। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन, प्री-ओपनिंग सेशन में ही बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।
प्री-ओपनिंग सेशन में बीएसई (BSE) का सेंसेक्स 1133 अंक यानी लगभग 1.48 फीसदी की बढ़त के साथ 77,981 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई (NSE) का निफ्टी50 भी 321 अंक यानी 1.35 फीसदी चढ़कर 24,163 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार के जानकारों का मानना है कि जब तक निफ्टी 23,500 के स्तर से ऊपर बना रहता है, तब तक निवेशकों को 'बाय ऑन डिप्स' यानी गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनानी चाहिए।
निफ्टी के सभी सेक्टरों के शेयर हरे निशान में ट्रेंडिग कर रहे हैं। निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 2.08 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.95 प्रतिशत की बढ़त आई है। इसके साथ ही सेंसेक्स पैक में शामिल शेयरों में भी तेजी देखी गई है। इंडिगो सबसे अधिक लाभ कमाने वाला शेयर रहा, जिसमें 4 प्रतिशत की बढ़त हुई।
अमेरिकी बाजार (S&P 500 और Nasdaq) में आई तेजी का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा। जापान का निक्केई 1.2 प्रतिशत चढ़कर अपने रिकॉर्ड हाई के करीब पहुंच गया है, जबकि दक्षिण कोरिया के कोस्पी (Kospi) में 3 फीसदी से ज्यादा की भारी बढ़त दर्ज की गई। चीन और हांगकांग के बाजारों में भी हरियाली देखने को मिली। इसके साथ ही भारतीय रुपये में भी मजबूती देखी गई। बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 93.18 पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 93.38 पर बंद हुआ था।
इस बड़ी बढ़त के पीछे सबसे मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की उम्मीदें हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए पाकिस्तान में अगले दो दिनों के भीतर बातचीत शुरू हो सकती है। इस खबर ने वैश्विक निवेशकों में उत्साह भर दिया है और जोखिम लेने की क्षमता बढ़ा दी है। इसके अलावा भारत का वीआईएक्स (डर का सूचकांक) सुबह के शुरुआती कारोबार में 10 प्रतिशत से अधिक गिरकर 18.4 के स्तर पर आ गया, जो पिछले सत्रों की तुलना में कम अस्थिरता को दर्शाता है।
Updated on:
15 Apr 2026 10:03 am
Published on:
15 Apr 2026 09:31 am
बड़ी खबरें
View AllShare Market News
कारोबार
ट्रेंडिंग
