
सोना 20 रुपए लुढ़का, चांदी की कीमत में हुआ 60 रुपए का इजाफा
नर्इ दिल्ली। वैश्विक स्तर पर सोना आैर चांदी में रही तेजी के बावजूद घरेलू जेवराती मांग की सुस्ती की वजह से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 20 रुपए लुढ़ककर 31,540 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस बीच औद्योगिक मांग आने से चांदी 60 रुपए चमककर 37,160 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गर्इ। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर 5.05 डॉलर की बढ़त के साथ 1,225.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 1.30 डॉलर की तेजी में 1,231.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
फेड प्रमुख के बयान से पड़ा कीमतों में असर
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल ने बुधवार को बयान दिया कि अमरीकी ब्याज दर 'न्यूट्रल लेवल’ यानी तटस्थता के स्तर से बस थोड़ी नीचे है, जिससे दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर कमजोर पड़ गया। डॉलर के टूटने से पीली धातु की चमक बढ़ी है। निवेशकों को पॉवेल के बयान से यह उम्मीद जगी है कि संभवत: ब्याज दर बढ़ाने को लेकर फेड का रुख नरम हुआ है। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी भी 0.03 डॉलर की तेजी में 14.133 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गर्इ।
स्थानीय स्तर पर सोना-चांदी
वैश्विक तेजी के बावजूद स्थानीय बाजार में जेवराती मांग की सुस्ती से सोना स्टैंडर्ड 20 रुपए की गिरावट के साथ 31,540 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही नरमी के साथ 31,390 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी हालांकि 24,700 रुपए के भाव पर टिकी रही। चांदी के भाव लगातार पांच दिन की गिरावट के बाद तेजी में रहे। चांदी हाजिर 60 रुपए चमककर 37,160 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गर्इ। चांदी वायदा 85 रुपए की बढ़त में 35,865 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गर्इ। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,540
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,390
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,160
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 35,865
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,700
Published on:
29 Nov 2018 03:18 pm
