
मथुरा। जिले की भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने रविवार को शहर के निजी स्कूल में शिरकत की। यहां शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया गया। हेमा मालिनी ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस मौके पर स्कूल के बच्चों ने भी परफॉर्मेंस दी।
एक घंटा देरी से पहुंचीं सांसद
भाजपा सांसद हेमा मालिनी तय वक्त से कार्यक्रम में एक घंटा लेट पहुंचीं। जिससे छोटे-छोटे बच्चों को काफी इंतजार करना पड़ा। यहां पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन समिति के लोगों ने हेमा मालिनी को बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद भाजपा सांसद ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने अपनी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रा प्रेरणा की मेमोरी देख हेमा मालिनी दंग रह गईं। छात्रा ने उनका जन्म दिन से लेकर तमाम ऐसी बातें बतायीं जो खुद हेमा मालिनी नहीं जानती थीं।
बेटियों का बढ़ाया हौसला
मीडिया से रूबरू होते हुए भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि यहां कई बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि मेरा जन्म किस दिन को हुआ, यह मुझे याद नहीं था, लेकिन एक बच्ची ने मेरे जन्म का दिन बताया। मुझे बहुत अच्छा लगा। जिसने भी उस बच्ची को ट्रेंड किया है बहुत अच्छी तरह से ट्रेंड किया है। क्योंकि इस तरह की मेमोरी मेरे खुद के पास भी नहीं है। इस दौरान जब एक पत्रकार ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल किया तो भाजपा सांसद बिना जवाब दिए तुरंत वहां से चली गयीं।