23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चंद्रशेखर की मौत के बाद सुलगा मथुरा, भीड़ का बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

Mathura Gaurakshak Murder: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोरक्षक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। गाड़ी से कुचलकर की गई हत्या के विरोध में गोरक्षक और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। हाईवे जाम हुआ, पुलिस पर पथराव हुआ और हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

2 min read
Google source verification

मथुरा

image

Aman Pandey

Mar 21, 2026

Mathura News

मथुरा में गौरक्षक चंद्रशेखर बाबा की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे जाम कर दिया। दोनों तरफ करीब 5 किमी. लंबा जाम लग गया।

मथुरा में गोरक्षक चंद्रशेखर की कथित तौर पर तस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में गोरक्षक और स्थानीय लोग छाता नेशनल हाईवे पर जुट गए। सभी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

वाहनों की सड़क पर लंबी कतारें लगीं

वाहनों की 5 किमी लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन हालात अचानक बिगड़ गए। भीड़ आक्रोशित हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को मौके से हटाया गया।

ग्रामीणों ने किया पथराव

घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हमें हाईवे पर जाम की सूचना मिली थी, कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।

मामले को लेकर प्रशासन की ओर से बताया गया कि सुबह 4 बजे हरियाणा सीमा थाना क्षेत्र कोसी पर वाहन में गोवंश होने की सूचना पर फरसा वाले बाबा अपने शिष्यों के साथ नगालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर चेकिंग कर रहे थे। कंटेनर में साबुन, फिनाइल, शैम्पू आदि भरा हुआ था। इस दौरान राजस्थान नंबर के एक ट्रक से हादसा हो गया। हादसे में उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। ट्रक चालक घायल हैं। घटना के संबंध में हर पहलू की जांच की जाएगी।