
Mau Crime: प्रदेश के अलग–अलग जिलों में फिल्मी अंदाज़ में ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाला एक शातिर अपराधी आखिरकार मऊ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लग्ज़री कार, सलीकेदार रहन-सहन और भरोसेमंद व्यक्तित्व की आड़ में वारदात करने वाला यह आरोपी अब तक 13 जिलों की पुलिस के लिए पहेली बना हुआ था, लेकिन 14वें जिले मऊ में उसकी चालाकी काम न आ सकी।
पकड़ा गया आरोपी अर्पित मिश्रा पुत्र विनोद मिश्रा, निवासी 99C दुर्गा मंदिर, जगन्नाथपुरी पश्चिम गली, बेतिहाता, थाना कोतवाली, जनपद गोरखपुर है। आरोपी का तरीका इतना शातिर और फिल्मी था कि पहली नज़र में कोई यह अंदाज़ा नहीं लगा सकता था कि यह व्यक्ति संगठित ढंग से ठगी को अंजाम देता है।
मामला मऊ जनपद के थाना दोहरीघाट क्षेत्र का है। यहां एक आधुनिक ड्रोन वीडियो और फोटोग्राफी की दुकान पर अर्पित मिश्रा ने अपने कथित इवेंट शूट के लिए बुकिंग कराई। तय दिन पर वह खुद अपनी गाड़ी लेकर दुकान पर पहुंचा। भरोसा जीतने के बाद दुकानदार ने अपने महंगे कैमरे, ड्रोन समेत पूरा सामान और दो ऑपरेटरों को आरोपी की गाड़ी में बैठा दिया।
कुछ किलोमीटर चलने के बाद आरोपी ने गाड़ी में झटके देकर उसे खराब होने का नाटक किया। काफी देर तक गाड़ी ठीक करने का अभिनय करने के बाद उसने दोनों ऑपरेटरों से कार को धक्का देने को कहा। दोनों युवक अपना सारा सामान गाड़ी में छोड़कर नीचे उतरे और जैसे ही उन्होंने कार को धक्का देना शुरू किया, आरोपी ने अचानक गाड़ी स्टार्ट की और हाईवे पर ही उन्हें छोड़कर महंगे कैमरों समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुकानदार ने थाना दोहरीघाट पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिरों का जाल बिछाया और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद हुए खुलासे में सामने आया कि अर्पित मिश्रा इससे पहले भी प्रदेश के 13 अन्य जनपदों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वह इवेंट शूट, कैमरा बुकिंग, पानी लेने या गाड़ी खराब होने जैसे बहानों से लोगों को रास्ते में उतार देता और कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
इस संबंध में घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गोरखपुर का निवासी है और इवेंट शूट के नाम पर कैमरा व अन्य उपकरण बुक कर ठगी करता था। मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में भी उसने इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब सात कैमरे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Published on:
24 Jan 2026 09:23 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
