
रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय समझोता करने के लिए प्रलोभन देने वाला इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
बागपत. विवादित आडियो सामने आने पर शनिवार को एसपी ने इंस्पैक्टर बड़ौत बच्चन सिंह सिरोही को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही वायरल आडियो की जांच के भी आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद ही आरोपी इंस्पेक्टर के विरूद्ध अागे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक आडियो वायरल हुआ था। आडियो में कोतवाली प्रभारी बड़ौत एक रेप पीड़िता से कह रहे हैं कि वह इस प्रकरण में कार्रवाई करने के बजाय आरोपी से समझौता कर लें। इसके लिए वह पीड़िता की हर प्रकार से मदद करने के लिए तैयार हैं और यदि उसे पैसों अथवा मकान आदि की जरूरत हो तो वह उसकी मदद कर सकता है। उसने पीड़िता को समझौता करने के लिए और भी कई प्रलोभन दिए थे। पीड़िता ने इंस्पेक्टर की बाचीत अपने फोन में टेप कर ली और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
इसके बाद मामला सुर्खी में आने के बाद एसपी ने इसे काफी गंभीरता से लिया और एक पुलिस अधिकारी की इस प्रकार की कार्य प्रणाली को आपत्तिजनक माना। एसपी ने बताया कि वायरल आडियो का संज्ञान लेते हुए उन्होंने इंस्पेक्टर बड़ौत को लाइन हाजिर कर दिया है और वायरल ऑडियो की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के विरूद्ध अगली कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई पुलिस अधिकारी ही क्यों न हो।
Updated on:
22 Sep 2018, 9:05 PM IST
Published on:
22 Sep 2018, 9:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.