
Meerut Youth Murder : छावनी में तब्दील दुल्हैडा गांव घरों में नहीं जले चूल्हे, मां बोली 'बेटे की हत्या का लूंगी बदला'
Meerut Youth Murder मेरठ के पल्लवपुरम थाना अंतगर्त गांव दुल्हैड़ा चौहान में शुक्रवार की सुबह वाल्मीकि समाज के दो युवकों ने शराब के नशे में गांव के ही चौहान बिरादरी के युवक दीपक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। उसके बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। गांव को पुलिस प्रशासन ने छावनी में तब्दील कर दिया है। वहीं देर रात तक गांव में पुलिस के साथ ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की और हत्यारोपियों के घर बुलडोजर कार्रवाई और मृतक परिवार को 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की। गांव में इस समय तनावपूर्ण शांति है। दीपक चौहान की हत्या के बाद गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।
मृतक के घर से आरोपी के घर के आस पास पीएसी और सीआरपीएफ के अलावा पुलिस बल तैनात किया है। गांव में तनावपूर्ण शांति के बीच सड़कों पर सन्नाटा है। वहीं आज गांव में किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला। पूरा गांव दीपक की हत्या के गम में डूबा हुआ है। बता दें कि दीपक चौहान की उसके ही गांव के वाल्मीकि समाज के हिस्ट्रीशीटर रितिक और उसके भाई गोलू ने चाकू से हत्या कर दी थी। बीच बचाव में आए दीपक के चाचा को भी हत्यारोपियों ने घायल कर दिया था। रात जब पोस्टमार्टम के बाद दीपक की लाश घर पहुंची तो ग्रामीणों ने लाश को हाइवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों से ग्रामीणों ने धक्कामुक्की की। देर रात दीपक का अंतिम संस्कार हो सका। गांव में दीपक की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है। दो अन्य नामजद आरोपी भी पुलिस की पकड़ से दूर है पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। वहीं हत्याकांड की गूंज लखनऊ तक पहुंची तो डीजीपी ने इस मामले को संज्ञान में लेकर आईजी से पूरे प्रकरण की जानकारी ली है। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि गांव में शांति है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दो आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। बाकी की तलाश जारी है।
Updated on:
10 Sept 2022 07:49 pm
Published on:
10 Sept 2022 07:45 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
