
मेरठ। भाजपा के फायरब्रांड विधायक संगीत सोम पर बिल्डर से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कालोनी के लोगों ने पलायन की चेतावनी दी है। कालोनीवासियों का कहना है कि बिल्डर को भाजपा विधायक संगीत सोम का समर्थन प्राप्त है। जिसके कारण वह कालोनी में जबरन रास्ता निकाल रहा है। इसकी शिकायत वे कई बार भाजपा विधायक संगीत सोम से कर चुके हैं, लेकिन संगीत सोम उनकी नहीं सुन रहे हैं।
बता दें कि सरधना कस्बे की आदर्श नगर में कॉलोनी के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद तूल पकड़ गया है। कॉलोनी के लोगों ने पलायन की चेतावनी देते हुए ऐलान किया है कि यदि कॉलोनी में अवैध रास्ता खोला गया तो गली के सभी लोग अपने घर बेचकर चले जाएंगे। मोहल्ले के लोगों ने भाजपा विधायक और पुलिस पर बिल्डर का पक्ष लेने का आरोप लगाया है। इससे पहले लोगों ने अपने घरों के बाहर पोस्टर लगाए थे। अब पलायन का ऐलान करते हुए बैनर टांग दिए हैं।
सरधना के आदर्शनगर में निर्माणाधीन कॉलोनी में रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि बिल्डर कॉलोनी का रास्ता आदर्शनगर की तरफ खोलना चाहता है, वह इसका विरोध कर रहे हैं। कई बार यहां बनी दीवार को तोड़ा गया। दोनों पक्षों में संघर्ष हो चुका है। पथराव और फायरिंग तक हो चुकी है। बावजूद इसके कॉलोनी के रास्ते का मामला सुलझता नजर नहीं आ रहा है। कॉलोनी के लोगों ने अधिकारियों के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर उक्त रास्ते को बंद कराने की मांग की। सुनवाई नहीं हुई तो डीएम व कमिश्नर के पास पहुंचे। सांसद और विधायक तक भी मामला पहुंचा, लेकिन निस्तारण नहीं हो सका।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि बीते दिनों यहां बिल्डर ने मंदिर की एक दीवार तोड़कर रास्ता बनाना चाहा। विरोध करने पर पुलिस ने उन पर ही कार्रवाई कर दी। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि पुलिस भी उनका उत्पीड़न कर रही है। ऐसे में पलायन ही उनके लिए एकमात्र रास्ता बचा है। वहीं जब इस बारे में भाजपा विधायक संगीत सोम से बात की गई तो उनका कहना था कि कालोनी वासियों से बात की जाएगी अगर कुछ शिकायत है तो उसको दूर किया जाएगा। वहीं सीओ सरधना का कहना है कि पलायन जैसी कोई बात नहीं है। कालोनीवासियों की शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
24 Feb 2020 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
