वर्ष 2018 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर वे टीम इंडिया के सदस्य थे। इस दौरे पर पहले टेस्ट में उन्होंने 6 विकेट लिए थे, लेकिन अगले मैच से वे बाहर हो गए। इसके बाद तीसरे टेस्ट में उन्हें फिर मौका मिला। उस टेस्ट के बाद दोबारा भुवनेश्वर कुमार को टीम इंडिया में जगह नहीं मिली। उन्हें इंग्लैंड दौरे पर चुना गया था, लेकिन वनडे सीरीज के दौरान पीठ के निचले हिस्से में चोट उभर आई और उन्हें भारत लौटना पड़ा। इसके चलते वे दो महीने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे। एशिया कप से उनकी वापसी हुई। इसके बाद वर्ल्ड कप में वह चयनित हुए। उन्हें वर्ल्ड कप 2019 के दौरान फिर से चोट लग गई। हालांकि सेमीफाइनल मैच से पहले वे फिट हो गए थे, लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज के दौरे पर उन्हें टेस्ट टीम में नहीं चुना गया। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में उनकी वापसी हुई। उसके बाद अब वनडे टीम में चोट की वजह से फिर बाहर हो गए हैं। भुवनेश्वर के चोटिल होने से उनके फैंस को झटका लगा है। उनके होमग्राउंड भामाशाह पार्क के कोच संजय रस्तोगी का कहना है कि तेज गेंदबाज का चोटिल होना कुछ नया नहीं है। उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होकर मैदान में उतरेंगे।