मेरठ। बुधवार की रात भाजपा सरधना विधायक संगीत सोम के मेरठ कैंट स्थित आवास पर निष्क्रिय हैंड ग्रेनेड बम फेंकने आैर अंधाधुंध फायरिंग में पुलिस अफसरों के सामने इतनी गुत्थियां हैं, जिन्हें सुलझाने में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। दरअसल, कैंट के जिस इलाके में बिना हेलमेट आैर कार की सीट बेल्ट को चेक किए बगैर घुसने नहीं दिया जाता, इतने सुरक्षित इलाके में इस हमले ने सबको हिलाकर रख दिया है। मामला शासन तक भी पहुंच गया है। खुद एसएसपी अखिलेश कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं। करीब एक दर्जन टीमें पुलिस अफसरों ने लगा रखी है। खुफिया एजेंसियां, फाेरेंसिक टीम आैर सीआरपीएफ की आेर से भी मामले की जांच की जा रही है, लेकिन नतीजा सिफर है। हालांकि एसएसपी ने इस बात का दावा किया है कि इस घटना में शामिल हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। सरधना विधायक संगीत सोम का कहना है कि उनका किसी पर संदेह नहीं है आैर पुलिस जांच पर पूरा भरोसा है। एेसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवार्इ होनी चाहिए।