
अब भाजपा के दलित कार्यकर्ता ने इस वजह से दी पलायन की चेतावनी
मेरठ। अभी दो दिन पहले ही मेरठ के एक गांव के मंदिर में मां काली की मूर्ति स्थापना का विरोध करने पर कई दलित परिवारों ने धर्म परिवर्तन की चेतावनी दे दी थी। उससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया था। अब ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जिससे मेरठ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला पलायन को लेकर है। पलायन मुद्दा वैसे ही पश्चिम उत्तर प्रदेशम में सुर्खियों में रहा है।
भावनपुर थाने के बदमाश का है खौफ
भावनपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद के आतंक से थर्राए दलित व्यक्ति ने परिवार सहित गांव से पलायन की चेतावनी दी है। पीड़ित के समर्थन में एसएसपी कार्यालय पर हंगामा करते हुए भाजपाइयों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी देहात राजेश कुमार ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार सोनकर के साथ दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। भाजपाइयों के साथ आए अब्दुल्लापुर निवासी संदीप ने बताया कि वह दलित है और भाजपा का कार्यकर्ता है। वह कारों को बेचने और खरीदने का काम करता है।
पीड़ित ने की थी शिकायत
पीड़ित संदीप ने आरोप लगाया कि क्षेत्र का पूर्व पार्षद नदीम मेवाती भूमाफिया है। वह लोगों की जमीन पर कब्जे करता है अौर थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी है। संदीप के मुताबिक, उसने हिस्ट्रीशीटर नदीम द्वारा सरकारी तालाबों पर कब्जों सहित कई अवैध धंधों की शिकायत पुलिस से की थी। आरोपी से साठगांठ के चलते पूर्व में एक एसओ भी लाइन हाजिर हो चुके हैं। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते बीती 7 अक्तूबर को नदीम व उसके साथियों ने संदीप पर हमला किया था।
पुलिस नहीं कर रही कोई कार्रवाई
इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आरोप है कि आरोपी से सेटिंग के चलते भावनपुर पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। संदीप ने आरोप लगाया कि नदीम और उसके गुर्गे उसके परिवार के खात्मे की धमकी दे रहे हैं। धमकियों के चलते वह अपने परिवार के साथ क्षेत्र से पलायन करने को मजबूर हो गया है। एसपी देहात राजेश कुमार ने पीड़ित को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और कुर्की तक का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी घर से फरार है, उसे किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Published on:
13 Oct 2018, 11:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.