
मेरठ। कोरोना की रिपोर्ट के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना होगा। अब एक घंटे में कोरोना की जांच होगी। इसके लिए मेरठ जिला अस्पताल में ट्रू नाट मशीन लग गई है। इस मशीन के माध्यम से की जाने वाली जांच पूरी तरह नि:शुल्क होगी। जिसमें कोई भी व्यक्ति जाकर अस्पताल में अपनी कोरोना की जांच करा सकता है। अभी एक मशीन लग चुकी है। जबकि सप्ताह के अंत तक दो और मशीन जिला अस्पताल में लगाए जाने की तैयारी की जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को ओएसडी डा. वेदप्रकाश और जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बचत भवन सभागार कलक्ट्रेट में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने कोरोना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के बाबत भी विस्तार से जानकारी दी।
ओएसडी बोले घर में बुजुर्ग और बीमार लोगों का रखे ख्याल
केजीएमयू लखनऊ से आए और मेडिकल के ओएसडी डा. वेदप्रकाश ने कहा कि कोरोना से सबसे अधिक खतरा उन लोगों को है जो पहले से किसी गंभीर बीमारी से संक्रमित हैं। सभी लोग घरों में ऐसे बुजुर्ग या बीमार लोगों का ख्याल रखें। उनके कमरे में न जाए। उनको घर से बाहर नहीं निकलने दें। अब तक कोरोना से उन्हीं संक्रमितों की मौत हुई है जो कि पहले से किसी गंभीर बीमारी से संक्रमित थे।
सभी को लगाना है मास्क, करना है नमस्ते
डॉ वेदप्रकाश ने कहा कि सभी को मास्क लगाना है और नमस्ते करना है। इसके साथ ही सैनिटाइजर का प्रयोग करना है। हर मिनट में हाथ धोना है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। हमेशा अपने मुंह को ढक कर रखें। हाई रिस्क वाले मरीजों का बचाव इस कोरोना महामारी में बहुत जरूरी है। इनको हमें बचाना है। अगर हमने इनको बचा लिया तो मौत का आंकड़ा जरूर कम हो पाएगा। जो ऐसे मरीज हैं, उनको यह संदेश दिया जाए कि वह घर में ही रहे बाहर ना निकले तभी उनका जीवन सुरक्षित है।
Updated on:
9 Jun 2020, 4:53 PM IST
Published on:
9 Jun 2020, 4:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.