
Breaking: मेरठ में अतिक्रमण हटाने के दौरान असामाजिक तत्वों ने की आगजनी, पुलिस से वायरलेस सेट आैर सर्विस रिवाल्वर भी छीनी, भारी फोर्स तैनात
मेरठ। बुधवार की शाम छह बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र में महताब सिनेमा के पास कैंट बोर्ड आैर पुलिस की टीम अतिक्रमण हटा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया। जिसको लेकर पुलिस ने लोगों को समझाया और अतिक्रमण हटाने को कहा। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने भूसा मंडी स्थित तिवारी क्वार्टर्स के पीछे बनी झोपड़ियों में आग लगा दी। इसके बाद आग ने तिवारी क्वार्टर्स के एक मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड लेट होने से आक्रोश
तिवारी क्वार्टर्स में रहने वाले लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन आग बुझाने के लिए गाड़ी पहुंचने में देरी होने पर मोहल्ले के लोग सड़क पर आ गए और हंगामा करने लगे। इतने में ही कुछ असामाजिक तत्व भी सड़क पर आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद आक्रोशित भीड़ ने वहां पहुंची पुलिस फोर्स से भी दरोगा से सर्विस रिवाल्वर आैर वायरलेस सेट छीन लिया। हालांकि पुलिस फोर्स ने भारी बल प्रयोग करते हुए इन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
बसों में तोड़फोड़ के बाद लाठीचार्ज
असामाजिक तत्वों ने तीन रोडवेज की बसों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ पर काबू करने के लिए लाठियां भांजी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस बल पर हल्का पथराव किया। पथराव कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके विरोध में असामाजिक तत्व फिर से झुग्गियों की ओर गए और बाकी बची झुग्गियां में आग लगा दी। इसके बाद स्थिति बिगड़ी और आक्रोश लोग महताब सिनेमा होते हुए दिल्ली रोड पर आ गए। मकान में लगी आग को काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड को दीवार तोड़नी पड़ी, लेकिन इसके बाद झुग्गियों में लगी आग बेकाबू हो गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की करीब दस गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दिल्ली रोड पर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया। जलीकोठी और मछेरान की ओर आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए।
शहर में फैल गर्इ अफवाहें
शहर में अफवाह फैली कि सांप्रदायिक बवाल हो गया है। इसके बाद शहर के बाजार बंद हो गए। मौके पर डीएम अनिल ढींगरा आैर एसएसपी नितिन तिवारी भी पहुंचे और स्थिति को काबू में किया। एसएसपी ने बताया कि यह जांच का विषय है कि किन लोगों ने झुग्गियों में आग लगाई है। उन्होंने कहा कि स्थिति काबू में हैं, सांप्रदायिकता और जातीय हिंसा वाली कोई बात नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।
Updated on:
6 Mar 2019, 10:05 PM IST
Published on:
6 Mar 2019, 10:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.