
मेरठ में दस हजार के लालच में हुआ एेसा कत्ल, जिसके आरोपी तो गिरफ्त में, लेकिन शव के लिए भटक रही विधवा
मेरठ। दस हजार रुपये के लिए दगाबाज दोस्तों द्वारा मौत के घाट उतारे गए पल्लवपुरम निवासी शुगर मिल कर्मचारी प्रवीण की पत्नी और परिजन एसएसपी से मिलने पहुंचे। मृतक की पत्नी ने बिलखते हुए अधिकारियों से अपने पति का शव बरामद कराए जाने की गुहार लगाई।
पुलिस ने दोनों हत्यारोपी गिरफ्तार किए
प्रवीन की पत्नी राखी अपने मासूम बच्चों और परिवार के लोगों के साथ बुधवार की सुबह एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने बिलखते हुए आरोप लगाया कि दौराला पुलिस ने उसके पति के हत्यारों को गिरफ्तार तो कर लिया है, लेकिन उसके पति प्रवीण का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है। राखी ने गुहार लगाई कि जल्द से जल्द उसके पति का शव बरामद किया जाए, जिससे उसके पति के हत्यारोपियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। बताते चलें कि सीएच 126 फेस वन पल्लवपुरम निवासी प्रवीण दौराला शुगर मिल में कर्मचारी था। बीती 26 जून को वह अपने काम से वापस नहीं लौटा था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजन पल्लवपुरम में दर्ज कराने गए थे, लेकिन थाना पुलिस ने मामला दौराला थाने का बताकर वहां पर भेज दिया। दौराला पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर युवक के कपड़े, साइकिल दौराला शुगर मिल से सरधना जाने वाले मार्ग पर बरामद किए थे। जहां पर युवक के कपड़े और साइकिल पड़ी मिली थी। उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस को खून के निशान मिले थे। पुलिस ने कपड़े और साइकिल युवक के परिजनों को दिखाए थे।
कपड़ों से पकड़े हत्यारे, शव नहीं मिला
जिस पर परिजनों ने लापता युवक की पहचान की थी। जिसके बाद पुलिस ने उसके साथ काम करने वाले दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे प्रवीण के दोस्त हैं और उन्होंने दस हजार के लालच में उन्होंने प्रवीण की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सरधना नहर में फेंक दिया। पुलिस दो दिन से सरधना नहर में शव की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक युवक प्रवीण का शव नहीं मिल सका। लेकिन पुलिस अब तक प्रवीण का शव बरामद नहीं कर सकी है।
Published on:
4 Jul 2018, 6:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.