
प्रतीकात्मक फोटो ( स्रोत Gemini)
Meerut Baby Murder: इंस्टाग्राम पर दोस्ती और फिर प्रेम! मां के इसी कथित प्रेम की कीमत एक छह माह के मासूम को मेरठ में अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। सहारनपुर की रहने वाली एक महिला की इंस्टाग्राम पर हापुड़के रहने वाले युवक से दोस्ती हो गई। दोनों ने मेरठ मिलने की योजना बनाई। सहारनपुर से महिला अपने छह माह के मासूम को साथ लेकर सोशल मीडिया पर मिले कथित प्रेमी विशाल मिलने के लिए मेरठ पहुंच गई। विशाल ने महिला से उसका छह मासूम का बेटा यह कहकर ले लिया कि बच्चे के साथ घर नहीं जा सकते, फिलहाल वह बच्चे को अपने एक दोस्त के घर छोड़कर आता है। बाद में इस मासूम का शव मेरठ के एक नाले से मिला।
घटना 13 जुलाई की है। मेरठ के नोचंदी मेला क्षेत्र में पड़ने वाली पंचशील कालोनी के पास एक नाले में मासूम बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। जब इसकी शिनाख्त की गई तो पता चला कि बच्चा सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर के रहने वाले इमरान का छह वर्षीय बेटा समीर था। समीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी शबाना छह वर्षीय समीर को अपने साथ लेकर निकली थी। पत्नी ने घर पर बताया था कि वह गंगोह दवा लेने जा रही है। इसके बाद से उसकी पत्नी लापता हो गई। पुलिस ने इस मामले में साधारण गुमशुदगी दर्ज कर ली। आरोप है कि पुलिस ने मामले को इतनी गंभीरता से नहीं लिया जितना लिया जाना चाहिए था। इस बीच पति यानी इमरान ही अपनी पत्नी और बच्चे की तलाश करता रहा।
पति इमरान ने बताया कि 26 जुलाई को उसे हापुड़ में पत्नी मिल गई जो हापुड़ निवासी विशाल के घर रह रही थी। इमरान यहां से पत्नी को साथ लेकर गंगोह पहुंचा और घर आकर बेटे के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई पता नहीं चला। इमरान के अनुसार पूछताछ में पत्नी शबाना ने बताया कि उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर हापुड़ के रहने वाले विशाल से हो गई थी। दोनों के बीच बातें होने लगी और प्यार हो गया। वह कई बार मिले लेकिन 12 जुलाई को दोनों ने साथ रहने की योजना बनाई और उसी योजना अनुसार 12 जुलाई को विशाल ने शबाना को मिलने के लिए मेरठ बुला लिया। दोनों सोहराब गेट बस स्टैंड के पास मिले। शबाना ने बताया कि वह अपने जिगर के टुकड़े को साथ लेकर आई है लेकिन विशाल ने कहा कि बच्चे को साथ लेकर घर नहीं जा सकते। इसलिए बच्चे को वह अपने एक दोस्त के यहां छोड़ देता है। इस तरह रात करीब साढ़े दस बजे विशाल ने शबाना से उसका मासूम बच्चा ले लिया और कुछ देर बाद आकर बोला कि उसने बच्चे को अपने दोस्त के यहां छोड़ दिया है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है लेकिन अभी तक पुलिस को इस मामले में बच्चे की मां या पिता की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। यह तो बयान पुलिस का है। इस बयान से साफ है कि अब पिता की ओर से जो तहरीर आएगी उसी अनुसार इस मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर मासूम की हत्या किसने की? शबाना ने जो कहानी बताई है उसके मुताबिक विशाल यह कहकर बच्चा ले गया था कि वह उसे अपने दोस्त के यहां छोड़कर आ रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या विशाल ने ही बच्चे को नाले में फेंक दिया या फिर विशाल अपने किसी दोस्त के यहां बच्चे को छोड़कर आया और बाद में दोस्त ने उसे नाले में फेंक दिया या फिर हो सकता है कि शबाना ही इस पूरे मामले में झूठ बोल रही हो और दोनों ने साजिशन बच्चे की हत्या कर दी हो। इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच में सामने आएंगे।
Updated on:
01 Aug 2026 09:20 am
Published on:
01 Aug 2026 07:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
