28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kanwar Yatra 2026: 29 जुलाई से बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम, भारी वाहनों पर रोक, जानिए कौन-सा रूट रहेगा खुला

Meerut Traffic News: कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर मेरठ में नया ट्रैफिक प्लान लागू। 29 जुलाई से NH-58 पर भारी वाहन बंद रहेंगे। जानिए दिल्ली, हरिद्वार और देहरादून जाने का नया रूट।
2 min read
Google source verification

मेरठ

image

Dimple Yadav

Jul 28, 2026

Kanwar Yatra 2026 Kanwar Yatra Traffic Advisory Meerut Traffic News

कांवड़ यात्रा के दौरान इन रास्तों से जाएं

Kanwar Yatra Traffic Advisory: कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए चरणबद्ध ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। 29 जुलाई की रात 12 बजे से दिल्ली-रुड़की हाईवे (NH-58) और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। वहीं 4 अगस्त की रात 12 बजे से हाईवे को वन-वे कर दिया जाएगा और हल्के व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लग जाएगी।

मंगलवार से हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि कांवड़ियों और आम यात्रियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहन चलते रहेंगे

प्रशासन के अनुसार, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मेरठ की ओर जाने वाले हल्के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। वहीं दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड (इकोनॉमिक कॉरिडोर) और गंगा एक्सप्रेसवे पर सामान्य यातायात चलता रहेगा। हालांकि इन दोनों मार्गों पर कांवड़ियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

दिल्ली से देहरादून और सहारनपुर जाने वालों के लिए नया रूट

दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से आने वाले वाहन एनएच-9, डासना इंटरचेंज और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए खेकड़ा इंटरचेंज से इकोनॉमिक कॉरिडोर के जरिए सहारनपुर और देहरादून पहुंच सकेंगे। वापसी के दौरान भी यही मार्ग अपनाना होगा।हरिद्वार, रुड़की और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले वाहन भी इकोनॉमिक कॉरिडोर का उपयोग कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

गंगा एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था

गंगा एक्सप्रेसवे से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को सिंभावली कट से एनएच-9 पर उतारा जाएगा। वहां से डासना और इकोनॉमिक कॉरिडोर के जरिए आगे जाने की व्यवस्था की गई है। मेरठ और बिजनौर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।

NH-58 पर कब से लागू होंगे प्रतिबंध?

  • 29 जुलाई रात 12 बजे से दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
  • 4 अगस्त रात 12 बजे से हाईवे को वन-वे कर दिया जाएगा।
  • इसी समय से हल्के व्यावसायिक वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू हो जाएगा।
  • कांवड़ पटरी मार्ग पर भारी और हल्के दोनों तरह के वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

बस और हल्के वाहन इन रास्तों से गुजरेंगे

दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून की ओर जाने वाली बसों और हल्के वाहनों को एनएच-9, डासना, पिलखुवा, हापुड़ बाईपास, किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर, जानसठ, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, देवबंद और आशारोड़ी होते हुए भेजा जाएगा। इसी तरह बिजनौर और शामली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।

यात्रा पर निकलने से पहले देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें। इससे अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा और कांवड़ यात्रा भी सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।