
मेरठ। इस साल स्वाइन फ्लू (Swine Flu) से दूसरी मौत हुई है। स्वाइन फ्लू का वायरस खतरनाक होता जा रहा है। गढ़ रोड निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह निजी कंपनी में कार्यरत थे। पिछले कई दिन से इस व्यक्ति का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्वाइन फ्लू के लक्षण के बावजूद चिकित्सकों (Doctors) ने उसका सेंपल जांच के लिए एलएलआरएम मेडिकल कालेज (LLRM Medical College) नहीं भेजा था।
निजी अस्पताल में जब इस व्यक्ति की तबियत बिगड़ी, तब स्वाइन फ्लू के लिए मेडिकल कालेज में सेंपल भेजा गया। इस सेंपल में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। परिजन इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भी ले गए थे। इस व्यक्ति की सोमवार को मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से इस साल होने वाली यह दूसरी मौत है। इससे पहले वृद्धा की मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. राजकुमार का कहना है कि यह व्यक्ति कई दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती था, लेकिन स्वाइन फ्लू का सेंपल नहीं भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। जनपद में स्वाइन फ्लू के तीन और मरीज मिले हैं। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। मेडिकल कालेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में इस साल अब तक 22 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 17 मेरठ जनपद के हैं। इनमें 60 उम्र से छह व्यक्ति व तीन बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि स्वाइन फ्लू से पीडि़त मरीजों को बाकी मरीजों वाले वार्ड से अलग रखा जाए। उन्हें अलग आइसोलेशन वार्ड में रखा जाए। स्वाइन फ्लू से पीडि़त मरीजों से हाथ मिलाने से बचना चाहिए।
Published on:
11 Feb 2020 02:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
