
मेरठ के करोडपति कबाड़ियों की लग्जरी लाइफ देख पुलिस अधिकारी भी हैरान, जानिए अमीरी बनने की दास्ता
मेरठ। प्रदेश में भाजपा की सरकार क्या बनी,उत्तरी भारत के सबसे बड़े वाहन चोर बाजार के कबाडियों पर भी मुसीबत आ गई। पिछले दस साल में खाक से करोडपति और अरबपति हुए इस कबाडियों की लग्जरी लाइफ देख पुलिस अधिकारी भी हैरान हैं। हाजी गल्ला,इकबाल जैसे अरबपति कबाड़ियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा और इनकी संपत्ति को कुर्क किया। संपत्ति कुर्क करने गए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी इनके बंगलों के भीतर शानशौकत देख हैरान हो गए।
नाम कबाड़ी ठाठ नवाबों जैसे
कबाडियों के घर के भीतर लाखों रुपये के महंगे बिजली के झूमर और सागौन का फर्नीचर इस बात का गवाही दे रहा था कि इन कोठियों और बंगलों में रहने वाला कोई कबाड़ी नहीं बल्कि कोई नवाब होगा। महंगे फर्नीचर के अलावा फर्श पर पड़ा खूबसूरत कालीन देख पुलिसकर्मियों की हिम्मत उस पर पैर रखने की नहीं हुई।
इटली और ब्रिटेन की क्राकरी
कबाड़ी हाजी गल्ला के यहां कुर्की की कार्रवाई के दौरान तो इटली और ब्रिटेन की महंगी क्राकरी मिली थी। जो आज पुलिस के मालखाने की शोभा बढ़ा रही है। बता दे कि हाजी गल्ला का जलवा थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक था। बताया जाता है पहले जिले के कई पुलिस अधिकारी हाजी गल्ला के घर इस महंगी क्राकरी में चाय—काफी के अलावा लंच डिनर तक का मजा ले चुके थे।
कुर्की में 50 करोड की संपत्ति जब्त
हाजी गल्ला और इकबाल कबाड़ी के यहां कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस अब तक लगभग 50 करोड रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। शातिर कबाड़ियों पर पुलिस का शिकंजा कसने के बाद सोती गंज के इस चोर बाजार में खामोशी पसरी हुई है।
ये हैं अमीरी बनने की दास्ता
मेरठ के सोतींगज में दिल्ली और उत्तरी भारत से चोरी लग्जरी कारें लाकर काट दी जाती थीं और उनके महंगे पार्टस को बेच दिया जाता था। इतना ही नहीं चोरी की कार के फर्जी कागजात बनवाकर उनका सौदा लाखों में होता था। उसी चोरी के धंधे से ये कबाड़ी रातों रात लखपति से करोडपति फिर अरबपति बनते चले गए। पूर्व की सरकारों में इन कबाड़ियों की अच्छी पैठ होने के कारण पुलिस भी हाथ डालने से कतराती थी।
बोले अधिकारी
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि अभी कुछ और लोगों के नाम लिस्ट में शामिल हैं। जिनकी जांच चल रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कुर्की की कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हो रही है।
Published on:
24 Nov 2021 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
