
स्कूल के लंच ब्रेक में बच्चे को पानी गिराने पर दी गर्इ यह सजा, फिर उसके अभिभावकों मिली यह धमकी
मेरठ। कक्षा में गलती से पानी गिरने की सजा तीसरी के छात्र को हाथ की हड्डी तोड़कर दी गई। यह काम किसी और ने नहीं वरन स्कूल संचालिका की पुत्री ने खुद अंजाम दिया। नौचंदी थाना क्षेत्र स्थित इकरा पब्लिक स्कूल में संचालक की पुत्री ने तीसरी क्लास के छात्र की स्टिक से पिटाई कर उसका हाथ तोड़ डाला। छात्र का कसूर मात्र इतना था कि उससे भूलवश क्लास में पानी बिखर गया था। बच्चे के परिजनों ने उसका हाथ तोड़ डालने का आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा कर दिया। आरोप है स्कूल संचालक ने दबंगई दिखाते हुए अभिभावकों के साथ भी अभद्रता की। इतना ही नहीं अभिभावकों से भी संचालकों ने मिलने से इंकार कर दिया। छात्र को स्कूल से निकालकर उसका भविष्य खराब करने की भी चेतावनी दे डाली। छात्र के पिता ने नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
लंच ब्रेक में हुआ वाकया, इसके बाद यह हुआ
लक्खीपुरा गली नंबर एक निवासी इरशाद स्क्रैप कारोबारी हैं। इरशाद के मुताबिक उनका 12 वर्षीय पुत्र रिहान शास्त्रीनगर सेक्टर दस स्थित इकरा पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। रिहान ने बताया कि शनिवार को स्कूल के लंच ब्रेक में वह पानी पी रहा था। इसी बीच किसी बच्चे ने उसे धक्का दिया और पानी जमीन बिखर गया। आरोप है कि इसके बाद रिहान की स्कूल प्रबंधक की पुत्री और उसकी क्लास टीचर ने लकड़ी की स्टिक से बेरहमी से पिटाई करते हुए रिहान का हाथ तोड़ डाला और उसे स्कूल से भगा दिया। रोते-बिलखते छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद बच्चे के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर संचालक नसीम ने घटना का विरोध जताया। आरोप है कि चूंकि आरोपी क्लास टीचर स्कूल संचालक नसीम की पुत्री है इसलिए नसीम ने भी दबंगई दिखाते हुए अभिभावकों को स्कूल से भगा दिया। जिसके बाद बच्चे के परिजनों ने नौचंदी थाने में आरोपी शिक्षिका व स्कूल संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ नौचंदी का कहना है तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जा सकेगा।
Published on:
30 Sep 2018, 12:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.