
UPTET EXAM: बाहर अभिभावक परेशान, अंदर सवालों ने उलझाया अभ्यर्थियों को, पेपर ही कुछ एेसा था
मेरठ। आज यूपी टेट परीक्षा पूरे प्रदेश भर मे आयोजित की गई। जिसका सेंटर मेरठ में भी था। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता (यूपीटीईटी) की परीक्षा के लिए जिले में रविवार को सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने के साथ ही पुलिस व्यवस्था चुस्त थी। प्रशासनिक अधिकारी भी दौड़ते रहे। मेरठ में 48,967 अभ्यर्थी टीईटी परीक्षा देने पहुंचे थे। देर से परीक्षा केंद्र पहुंचने के कारण सैंकड़ों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई। परीक्षा दो पालियों में थी।
जनपद में 49 परीक्षा केंद्र
प्रथम पाली में प्राइमरी और दूसरी पाली में कक्षा छह से 12 तक के अभ्यार्थियों की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए जनपद में 49 केंद्र बनाए गए थे। इसकी सूची पहले जारी की जा चुकी थी। जिनको परीक्षा केंद्र बनाया गया था उनमें अधिकांश कालेज सरकारी थे। इसके अलावा प्राइवेट स्कूल और प्राइवेट संस्थानों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक चली। पहली पाली में 29,348 और द्वितीय पाली में 19,619 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि पहली पाली की मेरठ में परीक्षा देने आए सैंकड़ों अभ्यर्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा। इनमें से कई लेट होने के कारण परीक्षा नहीं दे पाए तो बीएड की ओरिजिनल मार्कशीट नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई।
परीक्षा के प्रश्नों ने किया परेशान
परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा तो ठीक रही, लेकिन कुछ प्रश्नों ने सिर चकरा दिया। वहीं परीक्षा समाप्ति के बाद परीक्षा केंद्रोें पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिसके कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
Published on:
18 Nov 2018, 7:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.