
VIDEO: पुलिस कस्टडी से फरार हुआ वेस्ट यूपी का यह कुख्यात बदमाश जा सकता है देश से बाहर!
मेरठ। पश्चिम उप्र का कुख्यात माफिया और डेढ़ लाख का इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने आज सुपरटेक कालोनी के कमरा नंबर 1002 और इसके बाद होटल मुकुट महल पर फिर से छापेमारी की है। इस छापेमारी में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। वहीं पुलिस ने व्यापारी नेता लल्लू मक्कड़ को पूछताछ के लिए उठा लिया है। कुछ और संदिग्धों को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
वहीं सूत्रों का कहना है कि बदन सिंह बद्दो पुलिस की पकड़ से काफी दूर निकल चुका है। सूत्रों की मानें तो बदन सिंह नेपाल के रास्ते विदेश पहुंच चुका है। हालांकि पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। सूत्रों का कहना है कि बदन सिंह बद्दो नेपाल के रास्ते देश से बाहर के लिए फ्लाइट पकड़ सकता है। उसकी तलाश में पंजाब और हरियाणा के अलावा, दिल्ली में भी कई स्थानों पर छापेमारी की गई है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि कुख्यात अपराधी को पकड़ने के लिए छह टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार जिस समय पुलिस अभिरक्षा से बदन सिंह फरार हुआ उस दौरान उसके साथ पपीत निवासी बढ़ला परीक्षितगढ़ व व्यापारी नेता लल्लू मक्कड़ निवासी पंजाबी पुरा टीपीनगर बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार उस दौरान एक ट्रांसपोर्टर भी था। हालांकि अभी तक दोनों लोगों के होटल में मौजूद होने का प्रमाण पुलिस को नहीं मिला है।
वहीं आज फिर से पुलिस ने होटल पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस कस्टडी से फरारी के बाद से पश्चिमी यूपी के कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो अब कई राज्यों की पुलिस के लिए चुनौती बन चुका है। बद्दो के कई रसूखदारों से संबंध बताए जाते हैं, जो कि अक्सर जेल में उससे मुलाकात करने जाते थे। पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगाला रही है। एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि जल्द ही पुलिस कुख्यात अपराधी को पकड़ लेगी।
Published on:
29 Mar 2019, 9:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.