
मेरठ। लेडी सिंघम मंजिल सैनी के जाने के बाद मेरठ जनपद को नया कप्तान मिल गया है। नए कप्तान होंगे राजेश पांडेय। नए एसएसपी ने जनपद का चार्ज संभालते ही प्रेस कांफ्रेंस में अपने तेवर दिखा दिए। उन्होेंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनपद में कानून-व्यवस्था का दुरुस्त करना है। कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कीमत पर नहीं बक्शे जाएंगे। उनकी पूरी कोशिश नागरिकाें की सुरक्षा और हत्याओं पर अंकुश लगाने के साथ ही इनामी बदमाशों की धरपकड़ की भी होगी।
अपराध नियंत्रण में कोताही नहीं
एसएसपी राजेश पांडेय ने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में महिलाओं से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाते हुए ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे आरोपियों को शीघ्र और कड़ी सजा मिल सके। जनता और पुलिस के बीच सामंजस्य बिठाते हुए दोनों के बीच विश्वास कायम किया जाएगा। जनपद में रंजिशन हत्याओं की रोकथाम के लिए थाना स्तर से जानकारी जुटा पुराने मामलों को खंगाला जाएगा। वहीं गवाहों की सुरक्षा के लिए हर थाने को सख्ती से सतर्क रहने की हिदायत दी जाएगी। नवागत कप्तान ने थानों में जमे मठाधीशों और लापरवाह थानेदारों के खिलाफ भी सख्ती के संकेत दिए।
थानेदारों को दिए सख्त निर्देश
नए कप्तान ने चार्ज लेते ही थानेदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे थाने में नहीं, सड़कों पर निकलकर अपनी ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी थानेदार के क्षेेत्र में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी थानेदार के क्षेत्र में कोई वारदात होती है तो उसका जिम्मेदार थानेदार खुद होगा। इसलिए थानेदार अब अपनी कार्यशैली में सुधार कर लें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े थानों की मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। मेरठ की पूर्व एसएसपी मंजिल सैनी लेडी सिंघम के नाम से जानी जाती हैं। वह बाल्यकाल अवकाश पर चली गई हैं। उन्हें सुबह रिलीव कर दिया गया।
Published on:
3 May 2018, 2:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.