
नाइट ड्यूटी करके घर लौट रहे युवक के साथ हुआ कुछ एेसा कि मच गया कोहराम, पुलिस जांच में जुट गर्इ
मेरठ। परतापुर के कुंडा गांव में मंगलवार की देर रात एक घटना से गांव वालों के होश उड़ गए। नौकरी करने के बाद घर लौट रहे युवक की लूट के बाद गला रेतकर हत्या कर दी गई। शिनाख्त मिटाने के लिए मृतक के चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया गया, जिससे उसका चेहरा भी पहचान में न आ सके। थाना परतापुर अंतर्गत कुंडा गांव का रहने वाला बिट्टू परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में डीडी प्लास्टिक फैक्टरी में नौकरी करता था। मंगलवार को उसकी रात की शिफ्ट में ड्यूटी थी।
वह देर रात ड्यूटी से फ्री हुआ और घर की ओर निकल पड़ा, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव घर से कुछ ही दूरी पर पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। उसके चेहरे और गले पर धारदार हथियार के निशान थे। चेहरा किसी भारी चीज से कुचल दिया गया था, ताकि मृतक युवक की पहचान न हो सके। परिजनों को इस बात की जानकारी लगी तो मृतक का भाई टीटू मौके पर पहुंचा और देखा कि वहां बिट्टू का शव खून से लथपथ शव पड़ा है। जिसके बाद रोता बिलखता टीटू अपने भाई के शव को उठाकर घर ले आया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंडा गांव निवासियों ने हत्याकांड को खोलने की मांग की है। साथ उन्होंने कहा कि गांव के आसपास अवैध शराब ढाल से बिक रही है। नशे के आदि युवा अपराध की तरफ बढ़ रहे हैं।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई हैं। परिजनों ने बताया कि उसके भाई की न तो किसी से कोई रंजिश थी और न ही उसका कोई दुश्मन था। परिजनों ने बताया कि जिस समय बिट्टू घर से ड्यूटी पर निकला था उसके पास दो मोबाइल और पर्स था। हत्या के बाद उसके दोनों मोबाइल और पर्स गायब मिले। आशंका जतायी जा रहा है कि लूटपाट करने के बाद उसे मौत के घाट उतारा गया है। एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
6 Mar 2019, 5:46 PM IST
Published on:
6 Mar 2019, 5:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.