
Murder Case
मिर्जापुर. दोस्ती के रिश्ते को तार-तार करती दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जनपद के कछवा थाना क्षेत्र में एक दोस्त पर ही अपने दोस्त की हत्या का आरोप लगा है। आरोपों के अनुसार शराब के नशे में धुत्त दोस्त ने पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी। मृतक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार कछवा थाना क्षेत्र के कछवां-बरैनी मार्ग पर शराब के ठेके पर एक साथ शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक मित्र ने दूसरे मित्र की पत्थरो से सिर कूंचकर हत्या कर दी। ग्रामीणो ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि बरैनी गांव निवासी रमेश सिंह और क्षमा उपाध्याय घनिष्ठ मित्र थे। दोनों अक्सर साथ ही उठते-बैठते और कहीं भी आते-जाते थे। दोनों को शराब की लत थी। रात के समय आए दिन दोनों ठेके पर एक साथ शराब पीते थे। बुधवार की देर रात लगभग 11 बजे दोनों ने कछवां-बरैनी मार्ग पर स्थित शराब के ठेके पर साथ में शराब पी। छक कर शराब पीने के बाद नशे में धुत्त होकर दोनों ही ठेके से अपने घर की ओर पैदल ही चल दिए। इसी बीच रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों ही शराब के ठेके से महज 50 मीटर दूर गए होंगे कि क्षमा ने रमेश को एक मड़ई में घसीट लिया और ईंट से सिर कूंच कर हत्या कर दी। मृतक रमेश के भाई राजेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह पंप सेट की ओर जा रहा था कि देखा क्षमा उसके भाई पर ईंट से वार पर वार कर रहा था। टार्च जलाया जो क्षमा उपाध्याय वहां से भाग गया।
अस्पताल ले जाने से पहले ही हुई मौत
मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने मड़ई के अंदर लहूलुहान रमेश को देखा तब घटना की सूचना कछवां पुलिस के साथ ही उसके परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल रमेश को अस्पताल ले जाने की जुगत में जुटे थे कि इसी बीच उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कछवां थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ विवाद बताया जा रहा है। आरोपित की तलाश की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपित को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी हुआ था विवाद
क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार चार माह पूर्व भी दोनों के बीच शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी क्षमा ने रमेश पर हमला किया था, जिससे वह घायल हो गया था। उस समय भी मामला थाने पहुंचा था। तब कुछ लोगों के समझाने पर रमेश ने शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी और मामला शांत हो गया था।
By: Suresh Singh
Published on:
13 Apr 2018 01:27 pm
बड़ी खबरें
View Allमिर्जापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
