
Mirzapur News: कछवा थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता मंदबुद्धि है और इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पूरी वारदात का एक वीडियो भी बनाया है जो वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कछवा थानाक्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ तीन युवकों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि इस दौरान तीनों ने दुष्कर्म का वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दुष्कर्म की घटना में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
आरोपियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर किशोरी के साथ सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने बताया कि बीदापुर के रहने वाले कारण मांझी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर मेरी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता के पिता को इस बात की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की।
घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर एडिशनल एसपी नितेश सिंह व सीओ सदर पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही है। वहीं, पुलिस ने मामले में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
Updated on:
21 Feb 2026 11:53 am
Published on:
21 Feb 2026 11:53 am
