17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्रमिक के खाते से हुआ 17 करोड़ का लेनदेन, आयकर विभाग के नोटिस के बाद हुई जानकारी, SP ऑफिस पहुंचा पीड़ित

मिर्जापुर में एक श्रमिक के खाते से ₹17 करोड़ का लेनदेन हुआ है। मामले में पीड़ित ने एसपी से शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी ही नहीं थी।

2 min read
Google source verification

पीड़ित ने एसपी ऑफिस में दर्ज कराई शिकायत, PC- Patrika

मिर्जापुर में एक श्रमिक के खाते से 17 करोड़ रुपए का लेनदेन होने का मामला सामने आया है। आयकर विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद श्रमिक ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। श्रमिक के मुताबिक, उसे इस बात की जानकारी ही नहीं है कि उसके खाते से कोई लेनदेन भी किया जा रहा है। उसने बताया कि वह ठेकेदार के यहां काम करता था और ठेकेदार ने उसके खाते खुलवाए थे व उसका संचालन ठेकेदार ही कर रहा था।

₹8000 प्रतिमाह की नौकरी पर रखा था

जिले के संतनगर के रहने वाले शिवधनी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि वह अनपढ़ है और मजदूरी का काम करता है। करीब 8 साल पहले अजय पटेल नामक शख्स ने उससे संपर्क किया और उसे ₹8000 प्रतिमाह देने का वादा कर उसे नौकरी पर रखा। वह उसके यहां पुरानी बैटरी उठाने का काम किया करता था।

ठेकेदार ने दो बैंकों में खुलवाया था खाता

शिवधनी ने बताया कि इस दौरान अजय ने कोटक महिंद्रा बैंक व उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) में उसके नाम से खाता खुलवाया। इसके साथ ही अजय पटेल ने उसके नाम पर एक सिम भी बुक कराया। खाता खुलवाने के बाद सारे दस्तावेज जिसमें चेक बुक भी शामिल है अजय पटेल अपने पास रखता था और खाली चेक बुक पर उसने पीड़ित के हस्ताक्षर भी ले लिए थे।

आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

आरोप के मुताबिक, इसी दौरान शिवधनी को आयकर विभाग से एक नोटिस प्राप्त हुआ जिसमें उसके खाते से 17,40,12,260 रुपए का लेनदेन कर आयकर चोरी का आरोप लगाया गया। शिवधनी ने इस दौरान अजय पटेल से मुलाकात करने की कोशिश की तो अजय ने उससे मिलने से मना कर दिया।

एसपी से की गई शिकायत

शिवधनी का आरोप है कि अजय पटेल 1 फरवरी को उसके घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दी गई जिसके बाद शिवधनी ने मंगलवार को मिर्जापुर के एसपी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले की जानकारी को पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्रेषित किया है।