
Meta (Representational Photo)
आजमगढ़: जिले की पुलिस ने मात्र 8 मिनट में मेटा के अलर्ट के बाद भेजे गए लोकेशन पर पहुंचकर एक 19 वर्षीय युवती की जान बचाई है। बताया जा रहा है कि थाना सिधारी क्षेत्र की एक 19 वर्षीय युवती ने इंस्टाग्राम पर सुसाइड करने को लेकर स्टेटस लगाया, जिसके बाद मेटा ने पुलिस को अलर्ट भेज दिया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने इंस्टाग्राम पर लगाए गए स्टेटस में लिखा, "मैं भी और मेरी स्टोरी भी लास्ट है, क्योंकि मैं जा रही हूं अपनी अम्मी के पास।" इस स्टोरी को लगाए जाने के बाद मेटा ने उत्तर प्रदेश पुलिस को ईमेल के जरिए एक अलर्ट भेज दिया। इसके बाद डीजीपी के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हुई सोशल मीडिया सेंटर ने युवती की लोकेशन आजमगढ़ की प्राप्त की। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
मुख्यालय द्वारा सूचित किए जाने के बाद युवती की लोकेशन थाना सिधारी की प्राप्त हुई। इसके बाद उप-निरीक्षक, एक महिला उप-निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी मात्र 8 मिनट में युवती के घर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने उसके परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। परिजनों ने जब दरवाजा खोला तो युवती जोर-जोर से रो रही थी और थोड़ी देर बाद वह बेहोश हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का देहांत पहले ही हो चुका है और वह खुद को अकेला महसूस करती है। उसने बताया कि कभी-कभी उसकी बड़ी बहन उसे डांट देती है, इस वजह से वह परेशान हो जाती है। उसने बताया कि घर में रखी सभी दवाओं को उसने एक साथ खा लिया, इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई।
पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और उससे कहा कि वह दोबारा ऐसी गलती ना करें। इसके बाद युवती ने पुलिस कर्मियों को भरोसा दिया कि जीवन में वह दोबारा इस तरह के कदम नहीं उठाएगी। वहीं, युवती के परिजनों ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य को लेकर पुलिसकर्मियों का धन्यवाद किया है। वहीं, मेटा के अलर्ट के बाद युवती की जान बच गई है।
Updated on:
05 Apr 2026 01:53 pm
Published on:
05 Apr 2026 01:53 pm
