हादसा मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। खबरों के मुताबिक कुछ लोग पायदान पर सफर कर रहे थे, यात्रा के दौरान वे दूसरे लोगों को लेकर गिर गए। एक रेलवे अधिकारी के मुताबिक, "जब ट्रेन सेंट थॉमस माउंट स्टेशन पहुंची तो दस यात्री रेल के दरवाजे पर लटके हुए थे। ऐसा लगता है वे किसी दीवार या फिर खंभे से टकराए और नीचे गिर गए। ट्रेन पर अत्यंत भीड़ थी। बता दें कि सेंट थॉमस माउंट स्टेशन गिंडी के पास चेन्नई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के चेन्नई बीच-चेंगलपट्टू खंड के साथ स्थित है। महत्वपूर्ण व्यवसायों और उद्योगों के निकट होने की वजह से हजारों यात्री रोज सफर करते हैं। यहां ज्यादातर पुरुष ही ट्रेनों में सफर करते हैं। स्टेशन पर भीड़ ज्यादा दिखाई देती है। कुछ ऐसे भी होते हैं जो दरवाजे पर लटककर सफर करते हैं। सपोर्ट के लिए दरवाजे का हैंडल पकड़े रहते हैं। गौरतलब है कि सोमवार रात को भी दो यात्रियों की गिरने से मौत हो गई थी। दोनों मृतक छात्र थे। उनकी पीठ पर स्कूल का बैग भी था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।