24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सीबीएसई पेपर लीक : क्राइम ब्रांच को मिले अहम सुराग, दिल्ली से तीन लोग गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच को जांच में अहम सुराग मिले हैं | क्राइम ब्रांच का कहना है कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Siddharth Priyadarshi

•

Updated: 1 Apr 2018, 10:44 AM IST

cbse protest

नई दिल्ली: सीबीएसई पेपर लीक मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से एक कोचिंग सेंटर के संचालक और दो स्कूल शिक्षकों को गिरफ्तार किया है। इन पर स्कूल के छात्रों को अच्छे नंबर दिलवाने के लिए लीक किये गये पेपर को खरीद कर सर्कुलेट करने का आरोप है। पुलिस इनसे पूछताछ के आधार पर और भी खरीदारों और पेपर बेचने वालों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।

सीबीएसई के दफ्तर की सघन जांच

सीबीएसई पेपर लीक मामले में क्राइम ब्रांच की ओर से गठित की गई एसआईटी को जांच में अहम सुराग मिले हैं। देर शाम दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच दिल्ली के प्रीत विहार स्थित सीबीएसई के कार्यालय जांच करने पहुंच गई थी।

रात भर चली छापेमारी के बाद अहम सुराग हाथ लगने का दावा किया गया है। एसआईटी ने दिल्ली-एनसीआर सहित अब तक पांच जगहों पर छापे मारे हैं, हालांकि क्राइम ब्रांच ने इन पांच ठिकानों की जानकारी देने से मना कर दिया। इस जांच में क्या सुराग मिले हैं इसे लेकर भी कोई जानकारी नहीं दी गई। क्राइम ब्रांच का दावा है कि मामले को अब जल्द सुलझाया जा सकेगा ।

उधर पेपर लीक मामले में पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मेल भेजने वाले युवक की पहचान कर ली गई है। उसे ढूंढ लिया गया है। पुलिस ने कहा कि गूगल से मिली जानकारी के मुताबिक इसी शख्स ने मेल किया था।

दिल्ली में तीन और गिरफ्तारियां

रात में पुलिस ने दिल्ली से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें दो शिक्षक हैं। और एक कोचिंग संचालक ये सभी लोग सेंटर कोआर्डिनेटर की हैसियत से पेपर्स की सुरक्षा में शामिल थे । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पेपर्स की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी के लिए सीबीएसई के एग्जाम कंट्रोलर से पूछताछ की है । पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर कहां पेपर प्रिंट हुए थे और कैसे उन्हें सेंटर्स तक पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि आज इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।

झारखंड से भी पकडे गए कुछ लोग

पेपर लीक मामले में रांची से भी कुछ गिरफ्तारियां हुई हैं। पेपर लीक के तार देश में कई जगहों से जुड़ते नजर आ रहे हैं।झारखंड पुलिस ने कल चतरा में 3 वयस्कों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक कोचिंग संचालक, दो शिक्षकों और छात्रों समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में कुछ और लोगों से पूछताछ की जा रही है, इनमें कुछ नाबालिग छात्र भी हैं। रांची से भी ३ लोगों के हिरासत में लिए जाने की खबरे हैं।

चतरा के पुलिस सुपरिंटेंडेंट ने बताया, 'तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी 9 नाबालिगों को जुवेनाइल एक्ट के तहत हिरासत में रखा गया है। हमारी एसआईटी जांच कर रही है।'

सीबीएसई पेपर लीक मामले में अब तक लगभग 70 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें व्हाट्सएप समूहों के एडमिन भी शामिल हैं । ये वही समूह हैं जहां लीक हुए पेपर्स शेयर किये गए थे।

जारी है छात्रों का प्रदर्शन

सीबीएसई के छात्र नई दिल्ली स्थित सीबीएसई के दफ्तर के बाहर रोज प्रदर्शन कर रहे हैं। कल प्रदर्शन के दौरान छात्रों के उग्र हो जाने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। छात्रों के प्रदर्शन के चलते उस एरिया में सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। कल छात्रों ने मांग की थी कि पेपर लीक होने में जिनकी कोई गलती नहीं है उन्हें भी इस मामले में क्यों घसीटा जा रहा है ?

छात्रों ने कहा है कि वो फिर से पेपर कराए जाने के पक्ष में नहीं है। छात्रों का कहना है कि जब तक यह सुनिश्चित नहीं किया जाता कि पेपर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं वह परीक्षा का बहिष्कार करेंगे। उधर सीबीएसई ने 12 वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा 25 अप्रैल को करने की घोषणा की है। 10 वीं गणित की दोबारा परीक्षा मात्र दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और हरियाणा में जुलाई के महीने में कराए जाने के संकेत हैं।