
नई दिल्ली।
देशभर में कोरोना (Coronavirus) का कहर जारी है। वहीं, उत्तराखंड में भी हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इस बीच राज्य सरकार में एक मंत्री ने संकेत दिए हैं कि स्थिति नहीं सुधरी तो सेना को मोर्चे पर लगाया जा सकता है।
उत्तराखंड सरकार सेना को कोरोना से निपटने के लिए मैदान में उतारने पर विचार कर ही है। राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बताया कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो व्यवस्थाओं की कमान सेना को सौंपी जा सकती है। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हालात को संभालने के लिए सेना को मोर्चे पर लगाया जा सकता है। इस बारे में रक्षामंत्रीर राजनाथ सिंह से बात की गई है।
हरक सिंह रावत के अनुसान, सेना से गढ़वाल और कुमाऊं रेजीमेंट को मैदान में उतारा जा सकता है। रावत ने कहा कि उन्होंने खुद राज्यपाल और मुख्यमंत्री से इस बारे में बात की है। बहरहाल, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से जब कोरोना से बिगड़ रहे हालात को काबू में करने के लिए सेना की मदद लेने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि डीआरडीओ की कदद से फिलहाल हल्द्ववानी और ऋषिकेश में पांच-पांच सौ बेड के अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। इन अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे खुद ऋषिकेश जाकर अस्पताल की तैयारियों की जायजा ले रहे हैं। बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से उत्तराखंड में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अस्पतालों में जगह नहीं बची है। यहां करीब दो लाख से अधिक कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।
Updated on:
8 May 2021, 2:55 PM IST
Published on:
8 May 2021, 1:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.