
हैदराबाद : पिछले महीने ही खुली स्वीडिश कंपनी आईकिया की बिरयानी में मिला कीड़ा, नोटिस जारी
नई दिल्ली। हम महंगे रेस्टोरेंट में खाना खाने ये सोच कर जाते हैं कि वहां साफ-सफाई का ध्यान रखा जाएगा। खाने-पीने का सामान गुणवक्ता पूर्ण मिलेगा, लेकिन पैसे खर्चने के बाद भी आपको खाना किसी स्ट्रीट फूड से भी बेकार मिले तो सोचिए क्या हो। ऐसा ही एक मामला हैदराबाद से सामने आया है। यहां नए खुले आइकिया (IKEA) स्टोर में एक व्यक्ति के खाने में कथित रुप से कीड़ा मिला है। उसने ट्वीट पर पोस्ट डाला, जिसके बाद बृहन हैदराबाद नगर निगम ने कंपनी को नोटिस जारी किया है।
11,500 का भी लाया जुर्माना
हैदराबाद नगर निगम के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि निकाय ने आइकिया स्टोर पर शुष्क और गीले अपशिष्टों को अलग करने सहित प्लास्टिक कवर के इस्तेमाल में नियमों का उल्लंघन करने को लेकर 11,500 का जुर्माना भी लगाया है। बता दें कि निगम ने यह नोटिस तब जारी किया जब एक ग्राहक ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि उसे 31 अगस्त को इस स्टोर के रेस्तरां में वेज बिरयानी में कीड़ा मिला था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को आइकिया स्टोर का दौरा किया। दौरे के दौरान अधिकारियों ने खाद्य नमूने जांच के लिए भेज दिया।
खाद्य सुरक्षा विभागने कंंपनी को जारी किया नोटिस
अधिकारी के मुताबिक आइकिया ने बताया कि वे अपनी रसोई में खाना तैयार नहीं करते है। कंपनी नागपुर के एक स्नैक विनिर्माता से अधपक्का और फ्रोजन फूड मंगवाती है। निगम के अधिकारी ने बताया कि आईकिया और स्नैक कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है। कंपनी को तैयार खाने एवं उसमें इस्तेमाल किए गए चीजो का ब्योरा सात दिन में देने को कहा गया है।
आईकिया ने ट्वीट कर मांगी माफी
वहीं, इसके बाद आईकिया ने इस संबंध में ट्वीट किया। आइकिया ने कीड़े मिलने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण अनुभव’ करार देते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है और सुधार के कदम उठाएगा। आपको बता दें कि स्वीडिश होम फर्निशिंग कंपनी ने देश में अभी कदम रखा है। इसका भारत में यह पहला स्टोर है जो पिछले महीने ही हैदराबाद में खुला है। वहीं, यहां आइकिया कंपनी ने 1000 सीटों वाला एक रेस्तरां भी खोला।
Published on:
3 Sep 2018, 9:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.