
नई दिल्ली। गीतिका सुसाइड केस में मुख्य आरोपी विधायक गोपाल कांडा को विदेश जाने की अनुमति मिल गई है। दिल्ली की एक अदालत ने गोपाल कांडा को व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विदेश जाने की अनुमति दे दी है। गौरतलब है कि साल 2012 में अदालत ने गोपाल कांडा को विदेश जाने पर रोक लगा दी थी। इस दौरान कई देशों की विदेश यात्रा की इजाजत मांग रहे गोपाल गोयल कांडा से अदालत ने पूछा था कि वह विदेश क्यों जाना चाहते हैं? अब कोर्ट के इस फैसले से गोपाल कांडा विदेश जा सकते हैं।
यहां आपको बता दें कि एयर होस्टेस गीतिका शर्मा ने साल 2012 में खुदकुशी कर ली थी। वह कांडा की एमएलडीआर एयरलाइंस में बतौर एयर होस्टेस काम कर चुकी थीं। उन्होंने अपने इस कदम के लिए हरियाणा के नेता और उनकी पूर्व सहयोगी अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया था। एडिशनल सेशन जज अजय कुमार कुहार ने कांडा से पूछा था कि वे किस मकसद से उन देशों की यात्रा पर जाना चाहते हैं, जिनका जिक्र उन्होंने अपने आवेदन में किया था। लिहाजा, मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने कांडा को व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विदेश जाने की अनुमति दी है।
गीतिका ने सुसाइड करने से पहले दो पन्नों का एक सुसाइड नोट लिखा था। अपने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए कांडा और उनकी एमडीएलएआर कंपनी में सीनियर मैनेजर रह चुकी अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया था। कांडा को इस मामले में 18 महीनों तक जेल में कैद रखे जाने के बाद मार्च 2014 को जमानत मिल गई थी। इस साल गोपाल कांडा ने सिरसा विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। इतना ही नहीं बीजेपी ने हरियाणा में सरकार बनाने के लिए शुरुआत में कांडा को साथ लिया था, लेकिन बाद में जननायक जनता पार्टी के साथ बीजेपी ने मिलकर सरकार बनाई।
Published on:
21 Dec 2019 01:56 pm
