
Income Tax team raids at dozen premises of Bhaskar Group nationwide
नई दिल्ली। आयकर विभाग ने गुरुवार को भास्कर समूह के देशभर में स्थित करीब 32 व्यापारिक परिसरों पर छापे मारे। जिन प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए, उनमें से अधिकांश, समूह के बिजली उत्पादन व अन्य व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित हैं। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग को समूह की कुछ कंपनियों में कर चोरी व अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी मिल रही थी। गुरुवार को 300 से ज्यादा अफसरों की टीम ने मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में समूह के परिसरों पर छापा मारा। छापे की कार्रवाई दिनभर चलती रही।
भास्कर समूह बिजली उत्पादन, खनन, रियल इस्टेट, शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां चला रहा है। अन्य परिसरों के साथ भास्कर समूह से जुड़े अग्रवाल बंधुओं के भोपाल की अरेरा कॉलोनी स्थित निवास और एमपी नगर स्थित कार्यालय पर भी अधिकारी दिनभर जमे रहे।
भोपाल-मंडीदीप में जांच
भोपाल में एमपी नगर, प्रेस कॉम्पलेक्स स्थित अखबार के दफ्तर और अरेरा कॉलोनी स्थित अग्रवाल बंधुओं के घर पर जांच चल रही है। यह आयकर टीम बस से पहुंची थी। साथ ही मंडीदीप स्थित भास्कर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर भी दबिश दी गई। यहां टेक्सटाइल संबंधी फैक्ट्री संचालित है। समूह के कुछ अधिकारी भी कार्रवाई की जद में आए हैं।
डीबी पावर प्लांट में बोगस दस्तावेज मिले
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी डीबी पावर प्लांट में कार्रवाई की जा रही है। शुरूआती जांच के दौरान ही प्लांट से करोड़ों रुपए के बोगस दस्तावेज, लेनदेन और निवेश के पेपर मिले हैं। इसमें बिजली बेचने से लेकर कोयला, कागज और अन्य सामानों की खरीदी के पेपर्स बताए जाते हैं। मुंबई की पांच सदस्यीय टीम ने जांजगीर-चांपा के समीप डबरा में बने डीबी पावर प्लांट में सुबह छापा मारा। टीम ने कम्प्यूटर और लेन-देन से संबंधित काफी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। पॉवर प्लांट की स्थापना से लेकर अब तक के लेनदेन का हिसाब कर रहे हैं। प्लांट में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूछताछ कर उनका बयान लिया जा रहा है।
इन बड़े शहरों में कार्रवाई
अग्रवाल बंधुओं के भोपाल, इंदौर, रायपुर, जयपुर, नोएडा, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई के 32 ठिकानों पर छापे मारे गए हैं। राजधानी भोपाल में डीबी मॉल स्थित अभिव्यक्ति कार्यालय और संस्कार वैली स्कूल में भी टीम पहुंची। इंदौर में प्रेस कॉम्प्लेक्स स्थित भास्कर, अभिव्यक्ति, पोलोग्राउंड स्थित प्रिंटिंग प्रेस के साथ शालीमार टाउनशिप स्थित समूह के गेस्ट हाउस में जांच की जा रही है।
इसके अलावा डीबी प्राइड टाउनशिप और अपोलो डीबी सिटी के कार्यालय से भी दस्तावेज जब्त करने की सूचना है। कार्रवाई के दौरान दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। उनके मोबाइल फोन भी बंद करा दिए गए। बाहर से आने वाले कर्मचारियों के प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से आयकर विभाग ने पुलिस की मदद ली।
दिग्विजय ने जताया विरोध
इससे पहले छापे के मुद्दे पर राज्यसभा में सांसद दिग्विजय सिंह ने विरोध जताया। इसके बाद विपक्षी सांसदों के हंगामे पर सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
Updated on:
23 Jul 2021, 7:44 AM IST
Published on:
22 Jul 2021, 11:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.