श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर में आतंकी घुसपैठ की फिराक में लगे हुए हैं। इस बात का अंदाजा इस खबर से लगाया जा सकता है कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संदिग्ध गतिविधियों का पता चला है। जिसके बाद सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के जवानों ने गोलीबारी की। बीएसएफ से जुड़े सूत्रों ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार शाम रामगढ़ सेक्टर के फतवाल चौकी के पास हुई। अधिकारियों का कहना है कि इस घटडना के बाद सीमा रेखा पर जवानों को सतर्क कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने घुसपैठियों को कवर देने के लिए कुछ राउंड फायरिंग भी की। बीएसफ के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए जवाबी कार्रवाई की और घुसपैठियों को पीछे धकेल दिया। इस गोलीबारी में किसी के हताहत होनी की खबर नहीं है।